परदेश में रहने वालों के लिए राहत, मोबाइल ऐप से Face e-KYC करा सकेंगे राशन कार्डधारी; नहीं कटेगा नाम, प्रक्रिया समझ लें
Bihar Ration Card Face e-KYC : राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है, अब दूसरे राज्यों में रहने वाले ...और पढ़ें
-1789280614524_m.webp)
Bihar Ration Card Face e-KYC : परदेसियों को नहीं आना पड़ेगा गांव! घर बैठे मोबाइल से होगी राशन कार्ड की फेस e-KYC, नहीं कटेगा परिवार का नाम
HighLights
परदेश में रहने वाले राशन कार्डधारकों को मिली बड़ी राहत।
मोबाइल ऐप से 'फेस ई-केवाईसी' द्वारा डिजिटल सत्यापन संभव।
अब गांव लौटने की जरूरत नहीं, नाम कटने का डर खत्म।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। Bihar Ration Card Face e-KYC : आजीविका और रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले राशन कार्डधारियों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। अब घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर परदेस में रहने वाले लाभुकों को राशन कार्ड के सत्यापन के लिए बार-बार अपने गांव लौटने की जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की नई पहल के तहत अब बाहर रहने वाले कामगार सीधे अपने स्मार्टफोन से 'फेस ई-केवाईसी' (Face e-KYC) के जरिए अपनी पहचान का डिजिटल सत्यापन करा सकेंगे। इस तकनीकी सुविधा से कार्ड में दर्ज सदस्यों का नाम कटने का जोखिम पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले राशन कार्डधारियों के लिए फेस ई-केवाईसी (Face e-KYC) की विशेष सुविधा शुरू
मोबाइल ऐप के जरिए चेहरा स्कैन कर सीधे करा सकेंगे सत्यापन; राशन कार्ड से नाम कटने का खतरा होगा खत्म
गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध ऐप के माध्यम से पूरी प्रक्रिया होगी शत-प्रतिशत निःशुल्क; गांव लौटने की नहीं होगी मजबूरी
मुंगेर सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी जन वितरण प्रणाली (PDS) डीलरों को दिया व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश
मुंगेर के सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) शिवमपुरी गोस्वामी ने बताया कि विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल और सुलभ बना दिया है। जो भी लाभुक रोजगार के सिलसिले में अन्य राज्यों या शहरों में रह रहे हैं, वे मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ही अपनी ई-केवाईसी की औपचारिकता पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें केवल गूगल प्ले स्टोर से संबंधित आधिकारिक ऐप डाउनलोड करना होगा, जहां चेहरे की लाइव स्कैनिंग के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन मिनटों में पूरा हो जाएगा।
पूरी प्रक्रिया निःशुल्क, डीलरों को प्रचार का निर्देश
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फेस ई-केवाईसी की यह पूरी व्यवस्था शत-प्रतिशत निःशुल्क है। इसके लिए लाभुकों को किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देना होगा। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के लिए प्रखंड के सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का कड़ा निर्देश दिया गया है। डीलरों से कहा गया है कि वे राशन लेने आने वाले परिजनों को इस व्यवस्था की पूरी जानकारी दें, ताकि बाहर रह रहे सदस्यों की ई-केवाईसी समय पर पूरी हो सके और परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी राशन से वंचित न रहे।
ई-केवाईसी न होने पर कट रहे थे नाम
उल्लेखनीय है कि पारदर्शिता लाने और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के उद्देश्य से राशन कार्डों का अनिवार्य सत्यापन कराया जा रहा है। समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने के कारण जिले भर में पूर्व में बड़ी संख्या में कार्डधारियों और उनके परिवार के सदस्यों के नाम राशन सूची से हटा दिए गए थे। इनमें अधिकांश वे लोग शामिल थे जो रोजी-रोटी के चक्कर में बाहर रहते थे और अंगूठे के निशान (फिंगरप्रिंट) से बायोमेट्रिक मिलान कराने गांव नहीं आ पाते थे। अब मोबाइल से फेस रिकॉग्निशन की सुविधा शुरू होने से वास्तविक और पात्र लाभार्थियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी और उनके परिवार को मिलने वाले खाद्यान्न का कोटा सुरक्षित रहेगा।
