मुंगेर के धरहरा में डायल-112 पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही से अभद्र व्यवहार; 25-30 लोगों पर FIR
धरहरा में डायल 112 की टीम पर बुलेट सवार युवकों और उनके साथियों ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को पीटा ...और पढ़ें

मुंगेर के धरहरा में डायल-112 पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही से अभद्र व्यवहार (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। धरहरा में सोमवार की रात 10.48 बजे डायल 112 के वाहन में बुलेट सवार दो युवकों ने पहले टक्कर मारी, फिर साथियों को बुलाकर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। हथियार छीनने की कोशिश और जान से मारने की धमकी तक दी गई। महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
पुलिस ने बुलेट चला रहे युवक सहित 25 से 35 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पीटीसी जवान सुभाष चंद्र कुमार साह, सिपाही दशरथ कुमार चौधरी और महिला सिपाही नीतू कुमारी डायल 112 वाहन से रात करीब 10 बजे गश्ती पर थे।
करीब 10.48 बजे ईटवा हाट के पास बसंती मोड़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बुलेट ने पुलिस वाहन के दाहिने हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वाहन का बंफर गार्ड क्षतिग्रस्त हो गया।टक्कर के बाद पुलिस जब बाइक सवारों को पकड़ने पहुंची तो दोनों युवक आक्रामक हो गए।
गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख एक युवक ने मोबाइल से अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 25 से 35 लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया।

पुलिस का कहना है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, हथियार छीनने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, साक्ष्य जब्त
काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल से एक हमलाबर का मोबाइल फोन बरामद किया गया। साथ ही बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी। पीटीसी सुभाष चंद्र कुमार के आवेदन पर अज्ञात बुलेट चालक और 25-35 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि बुलेट सवार युवकों ने अपने साथियों के साथ बुलाकर हमला किया। सभी आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
