मुंगेर में रिटायर हेडमास्टर के घर 18.5 लाख की भीषण डकैती! परिवार को बनाया बंधक; शहीद बेटी के जेवर भी लूट ले गए
Jamalpur Munger Dacoity: जमालपुर के फरीदपुर दास टोली में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मनोज कुमार दास के घर पांच नकाबपोश डकैतों ने ...और पढ़ें

Jamalpur Munger Dacoity: जमालपुर के फरीदपुर में रिटायर हेडमास्टर के घर 18.5 लाख की भीषण डकैती
HighLights
जमालपुर में रिटायर प्रधानाचार्य के घर 18.5 लाख की डकैती।
पांच नकाबपोश डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटा।
शहीद बेटी की शादी के लिए रखे जेवर भी ले गए।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Munger Dacoity: जमालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर दास टोली में मंगलवार की अहले सुबह हथियारबंद डकैतों ने भीषण वारदात को अंजाम दिया। लगभग तीन बजे पांच नकाबपोश अपराधियों ने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मनोज कुमार दास के घर पर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 18.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
लगभग 45 मिनट तक चले इस उपद्रव के दौरान डकैतों ने विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट की और उनके हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। घटना के संबंध में पीड़ित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मनोज कुमार दास ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब तीन बजे एक नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और उसने नीचे आकर मुख्य दरवाजा अंदर से खोल दिया।
दरवाजा खुलते ही हथियारों से लैस चार अन्य बदमाश भीतर घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले उनके पुत्र सौरभ को दबोच लिया। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे खींचकर कमरे में बंद कर दिया गया।
चीख-पुकार सुन जागे माता-पिता, पिस्टल की नोक पर लिया
कमरे से आ रही खटपट और सौरभ के शोर मचाने पर जब मनोज दास और उनकी पत्नी आशा देवी नींद से जागे, तो अपराधियों ने उन दोनों को भी पिस्टल और अन्य हथियारों की नोक पर अपने कब्जे में ले लिया। डकैतों ने दंपती के हाथ-पैर बांध दिए और जान से मारने की धमकी देकर गोदरेज की अलमारियों की चाबियां छीन लीं।
-1790052742237.webp)
बदमाशों ने करीब 45 मिनट तक पूरे घर में उत्पात मचाया और दो अलमारियों को तोड़कर उसमें रखे 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 3.50 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान समेटकर आसानी से निकल भागे।
मृत पुलिस अधिकारी बेटी की शादी के लिए बनवाए थे जेवर, छलका दर्द
इस डकैती ने मनोज दास के परिवार को आर्थिक चोट के साथ गहरा भावनात्मक आघात भी दिया है। मनोज दास ने नम आंखों से बताया कि लूटे गए जेवरों से उनकी दिवंगत बेटी की यादें जुड़ी हुई थीं। वर्ष 2023 में उनकी बेटी, पुलिस अधिकारी प्रभा भारती की कटिहार में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
उन्होंने बड़े अरमानों से अपनी बेटी की शादी के लिए ये तमाम जेवर बनवाकर सहेज कर रखे थे। मंगलवार सुबह डकैत उन संजोई हुई यादों और गहनों को भी लूट ले गए।
डायल-112 पर दी सूचना, जांच में जुटी पुलिस
बदमाशों के भागने के बाद किसी तरह परिजनों ने खुद को मुक्त कराया और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर छानबीन शुरू की।
जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरीदपुर में डकैती की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जाकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन मिलते ही विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू किया जाएगा।
