मुंगेर-भागलपुर मार्ग पर खड़ी कांवरिया बस में टूरिस्ट बस ने मारी टक्कर; दरभंगा के 5 श्रद्धालु जख्मी, 2 की हालत नाजुक
मुंगेर-भागलपुर मार्ग पर बोचाही के पास खड़ी कांवरियों की बस को टूरिस्ट बस ने टक्कर मार दी, जिससे दरभंगा के ...और पढ़ें

देवघर व अजगैबीनाथ धाम में जल चढ़ाकर दरभंगा लौट रहे थे 27 कांवरिए; बोचाही के पास सड़क किनारे आराम करते वक्त हादसा
HighLights
मुंगेर-भागलपुर मार्ग पर कांवरिया बस को टूरिस्ट बस ने टक्कर मारी।
पांच कांवरिए घायल, दो की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने टूरिस्ट बस जब्त की, घायलों को मिलेगी पीएम राहत।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर बोचाही के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे बस खड़ी कर भोजन करने के बाद आराम कर रहे कांवरियों के जत्थे की बस में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में पांच कांवरिए गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को त्वरित रेस्क्यू कर इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया।
अजगैबीनाथ धाम से लौट रहे थे दरभंगा के 27 कांवरिए
सदर अस्पताल में इलाजरत घायल कांवरियों की पहचान दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर गांव निवासी छट्ठू शर्मा, रामलखन यादव, बैजनाथी यादव सहित अन्य के रूप में हुई है।
कांवरियों ने बताया कि उनके दल में कुल 27 श्रद्धालु शामिल थे। वे सभी सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) में जलाभिषेक करने के बाद सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैबीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर अपने घर दरभंगा लौट रहे थे। शनिवार को मुंगेर के बोचाही के पास उन्होंने सड़क किनारे बस रोकी थी। सभी कांवरिए खाना खाने के बाद वहीं बस के पास आराम कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही टूरिस्ट बस ने उनकी खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी।
2 कांवरियों की हालत गंभीर, PM राहत योजना से मिलेगी सहायता
मुंगेर सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो कांवरियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें विशेष निगरानी में रखा है। मामले की जानकारी देते हुए यातायात डीएसपी (DSP) प्रभात रंजन ने बताया कि टक्कर मारने वाली टूरिस्ट बस को पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया है और चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी ने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में 'पीएम राहत योजना' के तहत घायलों को डेढ़ लाख (₹1.5 लाख) रुपये तक की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रविधान है, जिसके लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जरूरत पड़ी तो गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को उच्चस्तरीय इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कराने की पूरी व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जाएगी।
कांवरियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आपातकालीन सेवा 'डायल 112' पर भी कॉल किया था, लेकिन सूचना मिलते ही यातायात पुलिस तत्परता से पहुंच गई और समय रहते सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई।
