विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गापूजा के बाद मुंगेर-भागलपुर के बीच चालू होगा फोरलेन, जाम से मिलेगी राहत; 85 फीसदी काम पूरा

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:55 PM (GMT+05:30)

मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन का मुंगेर से भागलपुर तक का पहला चरण दुर्गापूजा के बाद वाहनों के लिए खुलने की उम्मीद है। ...और पढ़ें

दुर्गापूजा बाद मुंगेर-भागलपुर के बीच फोरलेन पर दौड़ेंगे वाहन

दुर्गापूजा बाद मुंगेर-भागलपुर के बीच फोरलेन पर दौड़ेंगे वाहन

HighLights

  1. मुंगेर-भागलपुर फोरलेन का पहला चरण दुर्गापूजा बाद खुलेगा।

  2. परियोजना का लगभग 80-85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

  3. विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर-मिर्जाचौकी के बीच बन रहे 124 किलोमीटर लंबे फोरलेन का इंतजार अब खत्म होने के करीब है। पहले चरण में मुंगेर से भागलपुर के बीच फोरलेन पर वाहनों का परिचालन दुर्गापूजा के बाद शुरू होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जुलाई में ही परिचालन शुरू करने का निर्देश दिया था, लेकिन निर्माण की धीमी रफ्तार और कई जगह काम अधूरा रहने से तय समयसीमा निकल गई। अब निर्माण एजेंसियों ने बचे काम को तेजी से पूरा करने की कवायद शुरू कर दी है।

WhatsApp Image 2026-09-11 at 3.50.23 PM

परियोजना का करीब 80 से 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मुंगेर के पाटम के पास फोरलेन के रास्ते में आने वाले हाईटेंशन बिजली के तीन टावरों को किनारे शिफ्ट करने का काम शुक्रवार से शुरू कर दिया गया।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक मनीष कुमार के अनुसार, बिजली विभाग से शटडाउन लेकर टावर शिफ्टिंग शुरू की गई है। इसे पूरा करने में पांच से छह दिन लगने की संभावना है।

विक्रमशिला सेतु पर घटेगा वाहनों का दबाव

फोरलेन चालू होने का सीधा असर भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर पड़ेगा। मई से विक्रमशिला सेतु पर बड़े वाहनों का परिचालन बंद होने के कारण मुंगेर-बरियारपुर एनएच-80 और श्रीकृष्ण सेतु पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। भागलपुर आने-जाने वाले बड़े वाहन बरियारपुर होकर श्रीकृष्ण सेतु पहुंच रहे हैं।

बरियारपुर तीन बटिया से करीब 700 मीटर आगे निर्माणाधीन फोरलेन के हिस्से में भी फिलहाल वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। दो लेन के सीमित हिस्से में वाहनों का दबाव बढ़ने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।

विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण प्रतिदिन करीब पांच से साढ़े पांच हजार अतिरिक्त वाहन श्रीकृष्ण सेतु होकर उत्तर बिहार, पटना, कोसी और सीमांचल की ओर जा रहे हैं।

फोरलेन पर परिचालन शुरू होने के बाद इन वाहनों को वैकल्पिक और बेहतर मार्ग मिलेगा। इससे न केवल मुंगेर-भागलपुर के बीच जाम से राहत मिलेगी, बल्कि श्रीकृष्ण सेतु और संपर्क मार्गों पर भी वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।

WhatsApp Image 2026-09-11 at 3.49.58 PM

इन जगहों पर बाकी है काम

मुंगेर के स्टार्टिंग प्वाइंट पर करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण बाकी है। बरियारपुर में लगभग 150 मीटर और पाटम के पास करीब 700 मीटर हिस्से में भी काम पूरा होना है। तेलिया तालाब के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम भी अंतिम चरण में है। इसके करीब एक माह में पूरा होने की संभावना है।

शेष निर्माण कार्य अक्टूबर के तीसरे सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद दुर्गापूजा के बाद मुंगेर-भागलपुर के बीच फोरलेन पर परिचालन शुरू होने की पूरी संभावना है।