विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में 18 दिन बाद भी आसिफ का सुराग नहीं, जमीन निगल गई या आसमान, पुलिस के पास कोई जवाब नहीं

Published: Thu, 17 Sep 2026 07:26 PM (IST)

Munger Haveli Kharagpur Asif Hussain Missing Case: मुंगेर के हवेली खड़गपुर से 30 अगस्त को लापता हुए आसिफ हुसैन का 18 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है।

Munger Haveli Kharagpur Asif Hussain Missing Case: हवेली खड़गपुर से लापता युवक आसिफ हुसैन

Munger Haveli Kharagpur Asif Hussain Missing Case: हवेली खड़गपुर से लापता युवक आसिफ हुसैन

HighLights

  1. मुंगेर के आसिफ हुसैन 30 अगस्त से लापता, 18 दिन बीते।

  2. पुलिस लगातार तलाश में, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

  3. अंतिम लोकेशन शिवपुर लौगांय, सीसीटीवी में अकेले जाते दिखे।

संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। मुंगेर जिले के खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग स्थित लोहची बाजार के समीप से गत 30 अगस्त की रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए आसिफ हुसैन का 18 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। 'जमीन निगल गई या आसमान' जैसी स्थिति के बीच पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश में जुटी है, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।

लापता युवक का मोबाइल फोन लगातार बंद आने के कारण पुलिस अनुसंधान और स्वजनों की चिंताएं गहराती जा रही हैं। घरवाले लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं।

  • मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र (नयाटोला चकहासिम) का निवासी 25 वर्षीय आसिफ हुसैन 30 अगस्त की रात से लापता

  • दोस्तों के साथ हवेली खड़गपुर झील घूमने के दौरान लोहची बाजार के पास से रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ गायब

  • सीसीटीवी फुटेज में देर रात धपड़ी मोड़ से अकेले पैदल शामपुर की ओर जाता दिखा आसिफ; मोबाइल फोन आ रहा बंद

  • शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार का बयान- शिवपुर लौगांय में मिली थी अंतिम लोकेशन, बरामदगी के लिए छापेमारी जारी

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नयाटोला चकहासिम मोहल्ला निवासी आसिफ हुसैन 30 अगस्त को अपने तीन दोस्तों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर हवेली खड़गपुर झील घूमने गया था।

झील से लौटते वक्त लोहची के समीप एक बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। दोस्तों के अनुसार, आसिफ दूसरी बाइक के पास वहीं रुका रहा और दो दोस्त पेट्रोल लाने चले गए।

लेकिन जब दोस्त लौटे तो आसिफ वहां से गायब था। इसके बाद 1 सितंबर को उसकी मां रानी प्रवीण ने शामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुत्र की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।

CCTV में अकेले जाता दिखा आसिफ, शिवपुर लौगांय में मिली थी अंतिम लोकेशन

तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को आसिफ के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन शामपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर लौगांय गांव के समीप मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी छानबीन की, लेकिन आगे का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। धपड़ी मोड़ स्थित मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में आसिफ देर रात अकेले पैदल ही शामपुर की तरफ जाता नजर आया। उसके कंधे पर टी-शर्ट रखी हुई थी और फुटेज में उसके साथ कोई दूसरा संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखा।

18 दिनों से सुराग न मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस का दावा- जल्द मिलेगी सफलता

आसिफ आखिर कहां गया और रास्ते में उसके साथ क्या हुआ, यह सवाल 18 दिन बाद भी एक अनसुलझी पहेली बना हुआ है। सीसीटीवी में अकेले सामान्य तरीके से पैदल चलने के बावजूद वह आगे कहां गायब हो गया, इसका पुलिस के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। 

मामले में शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि युवक की बरामदगी के लिए पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है, जल्द ही युवक को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।