पैसा लिया, घर अधूड़ा छोड़ा; अब मुंगेर में PM Awas Yojana के 197 लाभार्थियों होगी राशि वसूली
नगर निगम मुंगेर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि लेकर घर अधूरा छोड़ने वाले 197 लाभार्थियों पर सख्त कार्रवाई करेगा। ...और पढ़ें

मुंगेर में पीएम आवास योजना: अधूरे घरों पर निगम की सख्ती, 197 लाभार्थियों से होगी वसूली (AI Generated Image)
HighLights
मुंगेर में 197 पीएम आवास लाभार्थी चिह्नित।
राशि लेकर आवास निर्माण अधूरा छोड़ने पर कार्रवाई।
नोटिस जारी, वसूली या निर्माण पूरा करने का निर्देश।
संवाद सूत्र, मुंगेर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सरकारी राशि लेने के बाद भी आवास निर्माण पूरा नहीं करने वाले लाभुकों पर अब नगर निगम सख्ती करने की तैयारी में है।
निगम ने ऐसे 197 लाभुकों को चिह्नित किया है, जिन्होंने योजना की पहली या दूसरी किस्त की राशि प्राप्त करने के बावजूद अबतक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है या निर्माण को अधूरा छोड़ दिया है।
ऐसे लाभुकों को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि राशि लेने के बाद निर्धारित मानकों के अनुरूप आवास निर्माण नहीं करने वालों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं दी जाएगी।
1062 लाभुकों में 802 ने पूरा किया आवास निर्माण
नगर निगम के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के तहत कुल 1062 लाभुकों को आवास निर्माण के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराई गई थी। इनमें 802 लाभुकों ने अपने आवास का निर्माण पूरा कर लिया है और उन्हें योजना के तहत निर्धारित राशि का भुगतान भी किया जा चुका है।
वहीं, 73 लाभुक ऐसे हैं, जिन्होंने निर्माण कार्य पूरा कर लिया है, लेकिन फंड के अभाव में उन्हें राशि का भुगतान अबतक लंबित है।
नगर निगम का कहना है कि जिन लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है, उनके भुगतान की प्रक्रिया फंड उपलब्ध होते ही पूरी की जाएगी। इसके लिए नगर निगम को जल्द राशि मिलने की उम्मीद है।
राशि लेकर निर्माण नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
सबसे अधिक चिंता उन 197 लाभुकों को लेकर है, जिन्होंने योजना के तहत राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण नहीं कराया है। कुछ लाभुकों ने निर्माण शुरू करने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया है। नगर निगम अब ऐसे सभी लाभुकों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दे रहा है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, नोटिस के बाद भी यदि लाभुक निर्माण कार्य पूरा नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर लाभुकों को दी गई सरकारी राशि की वसूली की कार्रवाई भी की जा सकती है।
निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी राशि के दुरुपयोग को रोकना और योजना के वास्तविक उद्देश्य को पूरा कराना है।
चार किस्तों में दो लाख रुपये
प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के तहत लाभुकों को आवास निर्माण के लिए कुल दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती थी। यह राशि चार किस्तों में निर्धारित थी।
पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये, दूसरी किस्त में एक लाख रुपये, तीसरी किस्त में 30 हजार रुपये और चौथी किस्त में 20 हजार रुपये दिए जाते थे। राशि निर्माण की प्रगति के अनुरूप उपलब्ध कराई जाती थी।
पीएम आवास-2.0 में ढाई लाख की सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत अब लाभुकों को कुल ढाई लाख रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में दी जा रही है। मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में अबतक 302 लाभुकों को योजना के तहत स्वीकृति दी जा चुकी है।
सभी स्वीकृत लाभुकों को पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये उपलब्ध करा दिए गए हैं, जबकि 168 लाभुकों को दूसरी किस्त की एक लाख रुपये की राशि भी दी जा चुकी है।
लाभुकों ने जितनी राशि प्राप्त की है, उसके अनुरूप आवास निर्माण नहीं करने वालों के विरुद्ध नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। ऐसे लाभुकों को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्य पूरा नहीं करने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी। वहीं, जिन लाभुकों का आवास पूरा हो चुका है और राशि फंड के अभाव में लंबित है, उन्हें फंड उपलब्ध होते ही भुगतान किया जाएगा। - नसीमुद्दीन खान, उपनगर आयुक्त
