अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बैठक आठ को
हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। नगर पंचायत के मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के विरुद्ध लाए गए अविश्वास
हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। नगर पंचायत के मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आठ सितंबर को विशेष बैठक बुलाई गई है। यह जानकारी देते हुए नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विशेष बैठक को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए आयोजित होने वाली विशेष बैठक को लेकर पर्यवेक्षक, दंडाधिकारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम और हवेली खड़गपुर एसडीओ को पत्र भेजा गया है। कोरोना संक्रमण के खतरा को देखते हुए विशेष बैठक के दौरान शारीरिक दूरी का विशेष ख्याल रखा जाएगा। वहीं, सभी वार्ड पार्षद मास्क का इस्तेमाल करेंगे।
नगर पंचायत के 11 वार्ड पार्षदों ने मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के खिलाफ अविश्वास का प्रस्ताव लाया है। जिसमें विजय मंडल, विनय कुमार झा, उषा देवी, निर्मला देवी, ज्योति देवी, रूबी देवी, राजो देवी, सुनीता देवी, अमित कुमार सिंह, ललन कुमार, विक्रम कुमार आदि शामिल हैं। इधर, विशेष बैठक की तिथि तय होने के बाद दोनों खेमा सक्रिय हो गया है। एक ओर जहां मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद खेमा के लोग पार्षदों को अपने पक्ष में ला कर अपनी कुर्सी बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर विरोधी हर हाल में मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद को कुर्सी से बेदखल करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद की कुर्सी बचेगी या जाएगी, यह 8 सितंबर को ही पता चल पाएगा।