विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिलडांगा-न्यू फरक्का के बीच धंसी जमीन, मुंगेर-कटिहार होकर निकलेगी ब्रह्मपुत्र मेल; कई ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट

Published: Thu, 03 Sep 2026 07:32 PM (GMT+05:30)

Malda Railway Division: मालदा रेल मंडल में तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच भारी बारिश से ट्रैक के नीचे जमीन ...और पढ़ें

Malda Railway Division: भारी बारिश से रेल पटरी के नीचे धंसी जमीन! पूर्व रेलवे ने बदला कई ट्रेनों का रूट, मुंगेर-कटिहार होकर निकलेगी ब्रह्मपुत्र मेल

Malda Railway Division: भारी बारिश से रेल पटरी के नीचे धंसी जमीन! पूर्व रेलवे ने बदला कई ट्रेनों का रूट, मुंगेर-कटिहार होकर निकलेगी ब्रह्मपुत्र मेल

HighLights

  1. तिलडांगा-न्यू फरक्का के बीच भारी बारिश से जमीन धंसी।

  2. यात्रियों की सुरक्षा हेतु कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया।

  3. ब्रह्मपुत्र मेल अब किऊल-मुंगेर-कटिहार रूट से चलेगी।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Malda Railway Division: पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल अंतर्गत तिलडांगा और न्यू फरक्का स्टेशनों के बीच लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते अप लाइन पर ट्रैक के नीचे जमीन धंस गई है। रेल पटरी के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण इस व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन बाधित हो गया है।

यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्व रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के रूट में बदलाव (डायवर्जन) किया है, जबकि दो ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) करने का निर्णय लिया है।

पूर्व रेलवे (कोलकाता) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझी ने बताया कि ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने तक परिचालन में यह अस्थायी फेरबदल लागू रहेगा।

  • मालदा डिवीजन के तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच अप लाइन पर भारी बारिश से हुआ भूमि धंसान (Landslide), रेल परिचालन प्रभावित

  • यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनों का मार्ग बदला, दो ट्रेनों को गंतव्य से पहले किया शॉर्ट टर्मिनेट

  • 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल किऊल-मुंगेर-कटिहार होकर चलेगी; मुंगेर के यात्रियों को मिली अतिरिक्त सुविधा

  • हावड़ा-मालदा टाउन रामपुरहाट में और किऊल-मालदा टाउन साहिबगंज में ही समाप्त; उत्तरबंगा व कंचनकन्या समेत कई ट्रेनें अजीमगंज रूट से चलेंगी

दो ट्रेनें बीच रास्ते में होंगी समाप्त

रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार:

  • गाड़ी संख्या 13011 (हावड़ा-मालदा टाउन एक्सप्रेस): इस ट्रेन का परिचालन मालदा टाउन के बजाय रामपुरहाट स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया जाएगा।

  • गाड़ी संख्या 13410 (किऊल-मालदा टाउन एक्सप्रेस): यह ट्रेन अपने गंतव्य मालदा टाउन तक न जाकर केवल साहिबगंज स्टेशन तक ही चलेगी।

मुंगेर होकर निकलेगी ब्रह्मपुत्र मेल

गाड़ी संख्या 15657 (दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल) को नियमित रूट के बजाय किऊल-मुंगेर-कटिहार रेलखंड के रास्ते डायवर्ट किया गया है। ट्रेन का रूट मुंगेर होकर तय किए जाने से स्थानीय रेल यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी, हालांकि रूट लंबा होने और घुमावदार मार्ग के कारण ट्रेन के निर्धारित समय-सारिणी पर असर पड़ सकता है।

उत्तरबंगा, कंचनकन्या और गौर एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेंगी

रेलवे ने उत्तर बंगाल और असम की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को भी वैकल्पिक मार्ग से चलाने की घोषणा की है:

  • 13147 (सियालदह-बामनहाट उत्तरबंगा एक्सप्रेस)

  • 13149 (सियालदह-अलीपुरद्वार जंक्शन कंचनकन्या एक्सप्रेस)

  • 13153 (सियालदह-मालदा टाउन गौर एक्सप्रेस)

ये सभी ट्रेनें अब अपने निर्धारित मार्ग के बदले बंडेल-कटवा-अजीमगंज-न्यू फरक्का होकर चलेंगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे ने इन ट्रेनों को नैहाटी, बंडेल, कटवा, खागड़ाघाट रोड और अजीमगंज स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव (स्टॉपेज) प्रदान किया है। रेलवे इंजीनियरिंग विंग की टीम मौके पर युद्धस्तर पर ट्रैक बहाली के कार्य में जुटी हुई है।