विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमालपुर रेल कारखाने में खुली मशीनों की अद्भुत दुनिया, विश्वकर्मा पूजा पर एशिया के ऐतिहासिक कारखाने में महामेला

Published: Wed, 16 Sep 2026 04:54 PM (IST)

Jamalpur Railway Workshop Vishwakarma Puja: जमालपुर रेल इंजन कारखाना विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आम जनता के लिए खोला गया, ...और पढ़ें

Jamalpur Railway Workshop Vishwakarma Puja: जमालपुर रेल कारखाना में विश्वकर्मा पूजा पर उमड़ा जनसैलाब; खुला आम जनता के लिए गेट, देखें तस्वीरें

Jamalpur Railway Workshop Vishwakarma Puja: जमालपुर रेल कारखाना में विश्वकर्मा पूजा पर उमड़ा जनसैलाब; खुला आम जनता के लिए गेट, देखें तस्वीरें

HighLights

  1. जमालपुर रेल कारखाना विश्वकर्मा पूजा पर आम जनता के लिए खुला।

  2. हजारों लोगों ने मशीनों की अद्भुत दुनिया का अनुभव किया।

  3. पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Railway Workshop Vishwakarma Puja: देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा के पावन अवसर पर बुधवार को एशिया का प्रसिद्ध और ऐतिहासिक जमालपुर रेल इंजन कारखाना आम लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। हर साल की गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए इस बार भी पूजा समारोह में शामिल होने और कारखाने के अंदरूनी दीदार के लिए आम नागरिकों के लिए वर्कशॉप के मुख्य प्रवेश द्वार खोल दिए गए। गेट खुलते ही जमालपुर शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग मशीनों की इस अद्भुत दुनिया को अपनी आंखों से देखने के लिए उमड़ पड़े।

सुबह से ही कारखाने के गेट पर दर्शकों की लंबी कतारें लग गईं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार आम लोगों और परिवारों की उपस्थिति काफी अधिक दर्ज की गई। बुधवार को दिनभर मौसम सुहाना और खुशनुमा बना रहा, जिससे मेले और कारखाने का भ्रमण करने पहुंचे दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया। कारखाने के विशाल प्रांगण में दाखिल होते ही बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी रेल इंजन, विशालकाय क्रेन, पहिए, भारी वैगन और आधुनिक हाइड्रोलिक मशीनों को देखकर बेहद रोमांचित नजर आए। हर कोई इन विशालकाय रेल उपकरणों के साथ मोबाइल फोन से तस्वीरें और सेल्फी लेने में व्यस्त दिखा।

कई जिलों से पहुंचे लोग, कार्यप्रणाली देख हुए मंत्रमुग्ध

पड़ोसी जिले लखीसराय, किऊल, बेगूसराय, खगड़िया के अलावा अभयपुर, कजरा और मुंगेर के विभिन्न ग्रामीण इलाकों से सपरिवार पहुंचे आगंतुकों ने अपने अनुभव साझा किए। लोगों ने कहा कि वे बचपन से ही जमालपुर रेल कारखाने के गौरवशाली इतिहास और इसकी तकनीकी क्षमता के किस्से सुनते आ रहे थे। आज अपनी आंखों से विशाल मशीनों को देखना और रेलकर्मियों की कार्यप्रणाली को इतने करीब से समझना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा और बेहद रोमांचकारी अनुभव रहा।

शॉप में स्थापित हुईं प्रतिमाएं, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

कारखाना परिसर स्थित लगभग सभी प्रमुख शॉप (कार्यशालाओं) में भगवान विश्वकर्मा की भव्य व आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई। पूजा उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, वहीं कई तकनीकी शॉप में मनमोहक सांस्कृतिक व संगीत कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।

  • विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर आम जनता के दीदार के लिए खोला गया ऐतिहासिक जमालपुर रेल इंजन कारखाना

  • लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, किऊल और मुंगेर समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों से परिवार सहित पहुंचे हजारों लोग

  • कारखाने के विभिन्न शॉप में विधि-विधान से स्थापित हुईं देव शिल्पी की प्रतिमाएं; भजन-कीर्तन व सांस्कृतिक आयोजन संपन्न

  • मुख्य कारखाना प्रबंधक विनय प्रसाद वर्णवाल ने दी शुभकामनाएं; आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त

इस पावन मौके पर मुख्य कारखाना प्रबंधक (सीडब्ल्यूएम) विनय प्रसाद वर्णवाल ने समस्त रेलकर्मियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को विश्वकर्मा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं, कारखाने के भीतर उमड़ी हजारों की अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के चाक-चौबंद और कड़े प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा बल चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे, जिससे पूरा समारोह शांतिपूर्ण व उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।