विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस के पटना विस्तार की चर्चा पर भड़के लोग, रेल मंत्री का फूंका पुतला; चक्का जाम की चेतावनी

Published: Tue, 01 Sep 2026 06:26 PM (IST)

जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस के पटना विस्तार के विरोध में मुंगेर में प्रदर्शन हुआ। 'जमालपुर रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा' ने ...और पढ़ें

Jamalpur Howrah Super Express: 'जमालपुर की जीवनरेखा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं': सुपर एक्सप्रेस के पटना विस्तार की चर्चा पर उबला गुस्सा; स्टेशन चौक पर फूंका रेल मंत्री का पुतला

Jamalpur Howrah Super Express: 'जमालपुर की जीवनरेखा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं': सुपर एक्सप्रेस के पटना विस्तार की चर्चा पर उबला गुस्सा; स्टेशन चौक पर फूंका रेल मंत्री का पुतला

HighLights

  1. जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस के पटना विस्तार का विरोध।

  2. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पुतला दहन किया गया।

  3. 7 दिन में मांग न मानने पर 'चक्का जाम' की चेतावनी।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Howrah Super Express: ऐतिहासिक जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन का विस्तार पटना तक किए जाने की सुगबुगाहट और चर्चाओं के बीच मुंगेर में विरोध की चिंगारी भड़क उठी है। ट्रेन विस्तार के विरोध में 'जमालपुर रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा' ने आर-पार के आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।

मोर्चा के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शहर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि सुपर एक्सप्रेस का विस्तार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

  • जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस का पटना तक विस्तार करने की चर्चाओं के बीच रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा ने खोला मोर्चा

  • मारवाड़ी धर्मशाला से स्टेशन चौक तक निकाला विरोध जुलूस; रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड अध्यक्ष का फूंका पुतला

  • मोर्चा का रेलवे को 7 दिन का अल्टीमेटम: अधिकृत स्थिति स्पष्ट नहीं की तो जमालपुर में होगा बड़ा 'चक्का जाम' आंदोलन

  • नेताओं ने लगाया जमालपुर की निरंतर उपेक्षा और सौतेले व्यवहार का आरोप; कहा- ट्रेन और कारखाना क्षेत्र की जीवनरेखा

विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के संयोजक सह सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव और सह संयोजक कन्हैया सिंह ने किया। आंदोलनकारी मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में एकत्रित हुए, जहां से विशाल जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्गों से होकर स्टेशन चौक पहुंचे। स्टेशन चौक पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रेलवे प्रशासन की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की और पुतला फूंका।

7 दिन में स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो होगा चक्का जाम

सभा को संबोधित करते हुए संयोजक पप्पू यादव ने कहा कि रेल मंत्रालय लगातार ऐतिहासिक रेल नगरी जमालपुर की उपेक्षा कर रहा है। दशकों से जमालपुर वासियों और व्यवसायियों की लाइफलाइन रही सुपर एक्सप्रेस का पटना तक विस्तार इसी सौतेले व्यवहार का ताजा प्रमाण है। उन्होंने रेलवे प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर रेलवे ने इस विषय पर अपनी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की और विस्तार का फैसला वापस नहीं लिया, तो मोर्चा शहर व रेलहित में पूरे रेलखंड पर व्यापक 'चक्का जाम' आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।

जमालपुर के अस्तित्व और पहचान से खिलवाड़ का आरोप

मोर्चा के सह संयोजक और संरक्षक दिनेश सिंह, महासचिव पप्पी कुमार उर्फ पप्पू यादव, प्रवक्ता रविकांत झा, राकेश गोप तथा पूर्व चेयरमैन बब्लू पासवान ने संयुक्त रूप से कहा कि जमालपुर रेल कारखाना और हावड़ा सुपर एक्सप्रेस इस पूरे क्षेत्र के अस्तित्व और आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ हैं।

पटना तक विस्तार होने से स्थानीय यात्रियों, दैनिक रेलकर्मियों और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे की इस मनमानी के खिलाफ हर स्तर पर जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। इस विरोध-प्रदर्शन में पंकज यादव, मिथिलेश यादव, मो. आजम, मनोज क्रांति, रविशंकर यादव, नौशाद उस्मानी सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के सदस्य, स्थानीय बुद्धिजीवी और युवा शामिल रहे।