मुंगेर के जमालपुर लोको शेड में बड़ी लापरवाही, एक ही पटरी पर आमने-सामने टकराए 2 इंजन
जमालपुर लोको शेड में शंटिंग के दौरान एक ही पटरी पर दो इंजन आमने-सामने टकरा गए, जिससे एक इंजन बेपटरी ...और पढ़ें

मुंगेर के जमालपुर लोको शेड में बड़ी लापरवाही, एक ही पटरी पर आमने-सामने टकराए 2 इंजन
HighLights
जमालपुर लोको शेड में दो इंजन आपस में टकराए।
एक इंजन बेपटरी हुआ, पटरी भी पलट गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। जमालपुर लोको शेड में मंगलवार को शंटिंग के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। दोपहर करीब डेढ़ बजे एक ही रेल पटरी पर आमने-सामने आए दो इंजन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक इंजन बेपटरी हो गया और उसके पहिए पटरी से उतरकर झाड़ी-जंगल से घिरी जमीन पर जा पहुंचे।
वहीं, जिस पटरी पर दोनों इंजन टकराए, वह भी पलट गई। घटना के बाद लोको शेड में हड़कंप मच गया। इंजन संख्या 28279 और 27679 की शंटिंग की जा रही थी।
इसी दौरान बिना प्वाइंट क्लियर हुए दोनों इंजनों को एक ही लाइन पर भेज दिया गया। आमने-सामने इंजन आते देख कर्मियों में अफरातफरी मच गई।
शंटिंग के दौरान इंजन की गति कम होने के बावजूद टक्कर से पटरी के पलट जाने से लोको शेड में होने वाले नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीनियर डीएमई (डीजल) कृष्ण कुमार दास समेत रेलवे के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद कर्मियों से घटना की जानकारी ली।
हादसे के कारणों की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। मुख्यालय के निर्देश पर जमालपुर स्टेशन से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को लोको शेड भेजा गया। रिलीफ ट्रेन पहुंचने के बाद बेपटरी इंजन को दोबारा पटरी पर लाने का काम शुरू किया गया।
देर शाम तक राहत कार्य जारी था। लोको शेड जैसे संवेदनशील स्थान पर एक ही लाइन पर दो इंजनों के पहुंचने की घटना ने शंटिंग व्यवस्था और प्वाइंट संचालन की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, रेलवे की ओर से घटना में किसी कर्मचारी की गलती की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
