जमालपुर-किऊल रेलखंड पर रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन के चालक को लगा तेज झटका, आनन-फानन में रोकी गई दुमका एक्सप्रेस
जमालपुर-किऊल रेलखंड पर रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन के चालक को तेज झटका महसूस हुआ, जिससे पटरी में दरार की आशंका हुई। ...और पढ़ें

Jamalpur Kiul Rail Section: धरहरा-अभयपुर के बीच पटरी में दरार की आशंका से हड़कंप, 42 मिनट रुकी रही दुमका-पटना एक्सप्रेस
HighLights
जमालपुर-किऊल रेलखंड पर ट्रेन चालक को लगा तेज झटका।
पटरी में दरार की आशंका से रोकी गई कई ट्रेनें।
जांच में पटरी सुरक्षित मिली, परिचालन हुआ सामान्य।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। पूर्व रेलवे के जमालपुर-किऊल रेलखंड पर गुरुवार की शाम रेल पटरी में दरार (क्रैक) होने की आशंका से हड़कंप मच गया। धरहरा और अभयपुर रेलवे स्टेशन के मध्य महरना गांव के समीप रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 53403 अप) के लोको पायलट (चालक) को अचानक तेज झटका महसूस हुआ। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल ट्रेन को रोकते हुए धरहरा स्टेशन मास्टर एवं दानापुर/मालदा कंट्रोल रूम को सूचना दी।
जमालपुर-किऊल रेलखंड पर धरहरा और अभयपुर स्टेशन के बीच रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन के चालक को लगा तेज झटका
पोल संख्या 372/33 और 372/35 के बीच पटरी में दरार (क्रैक) की आशंका से करीब 26 मिनट तक रोकी गई पैसेंजर ट्रेन
सूचना मिलते ही महकमे में मचा हड़कंप; एईएन और पीडब्ल्यूआई ने मौके पर पहुंचकर किया ट्रैक का सघन निरीक्षण
जांच के दौरान धरहरा स्टेशन पर 42 मिनट तक खड़ी रही दुमका-पटना एक्सप्रेस; पटरी सुरक्षित मिलने पर बहाल हुआ परिचालन
ट्रेन में अचानक लगा जोरदार झटका, सहम गए यात्री: धरहरा और अभयपुर के बीच 26 मिनट खड़ी रही पैसेंजर ट्रेन; जांच के बाद परिचालन बहाल
चालक के अनुसार, पोल संख्या 372/33 और 372/35 के बीच गुजरते समय इंजन में असामान्य झटका लगा था। घटना के तुरंत बाद चालक और ट्रेन गार्ड ने एहतियातन ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोक दिया और करीब 26 मिनट तक ट्रैक की प्राथमिक जांच की। मेन लाइन पर पटरी में खराबी की सूचना मिलते ही रेल महकमे में अफरातफरी मच गई और वरीय अधिकारी तुरंत अलर्ट मोड में आ गए।
धरहरा में 42 मिनट खड़ी रही एक्सप्रेस ट्रेन
घटना की जानकारी मिलते ही पीडब्ल्यूआई (स्थायी पथ निरीक्षक) मनीष कुमार तकनीकी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रैक की बारीकी से जांच शुरू की। वहीं, स्थिति का जायजा लेने के लिए सहायक मंडल अभियंता (एईएन) राजीव कुमार भी दुमका-पटना एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13333 अप) से घटनास्थल की ओर रवाना हुए।
यात्रियों में मची बेचैनी
ट्रैक जांच और सुरक्षा कारणों के चलते पीछे से आ रही दुमका-पटना एक्सप्रेस को धरहरा स्टेशन पर रोक दिया गया, जहां वह करीब 42 मिनट तक खड़ी रही। अचानक मेन लाइन पर ट्रेनों के पहिए थमने और पटरी टूटने की अफवाह फैलते ही बोगियों में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी और घबराहट की स्थिति बन गई। यात्री बार-बार खिड़कियों और दरवाजों से बाहर झांककर स्थिति की जानकारी लेने की कोशिश करते दिखे।
जांच में सुरक्षित मिली पटरी
इंजीनियरिंग विंग की टीम द्वारा संबंधित ट्रैक के दोनों छोरों का गहन मुआयना किया गया। धरहरा के स्टेशन उप प्रबंधक प्रफुल्ल कुमार सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूआई और तकनीकी दल की सघन जांच में पटरी के टूटे होने या क्रैक जैसी कोई बात सामने नहीं आई। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित पाया गया।
परिचालन हुआ सामान्य
जांच पूरी होने और ट्रैक को पूरी तरह फिट घोषित किए जाने के बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर ट्रेनों का परिचालन पुनः शुरू कराया गया। इसके बाद रेल प्रशासन और ट्रेनों में सफर कर रहे सैकड़ों यात्रियों ने राहत की सांस ली।
