विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे की आधुनिक तकनीक सीखेंगे ITI छात्र: IRIMEE में 33 विद्यार्थियों ने ली वेल्डिंग सिमुलेटर पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग

Published: Fri, 28 Aug 2026 06:53 PM (IST)

रेल मंत्रालय ने ITI विद्यार्थियों को आधुनिक रेलवे तकनीक से जोड़ने के लिए इरिमी जमालपुर को 'रेलवे मॉड्यूल' लागू करने ...और पढ़ें

कौशल विकास मंत्रालय व रेलवे की पहल: इरिमी जमालपुर में मुंगेर और तारापुर ITI के 33 विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

कौशल विकास मंत्रालय व रेलवे की पहल: इरिमी जमालपुर में मुंगेर और तारापुर ITI के 33 विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

HighLights

  1. ITI छात्रों को आधुनिक रेलवे तकनीक से जोड़ा जा रहा है।

  2. इरिमी जमालपुर में 33 छात्रों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण।

  3. छात्रों ने वेल्डिंग सिमुलेटर पर हैंड्स-ऑन अनुभव प्राप्त किया।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) के विद्यार्थियों को भारतीय रेलवे की आधुनिक कार्यप्रणाली और एडवांस तकनीक से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। प्रधानमंत्री सेक्टर स्किल बैठक के तहत कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा चयनित ITI में वेल्डिंग से संबंधित 'रेलवे मॉड्यूल' लागू करने के लिए रेल मंत्रालय ने भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत इंजीनियरिंग संस्थान (इरिमी/IRIMEE) जमालपुर को नामित किया है। इसके तहत विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम इरिमी के महानिदेशक अनिमेष कुमार सिन्हा के कुशल नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है, जिसमें डीन व सीनियर प्रोफेसर (आरएसटी) प्रेम प्रकाश, प्रो. (एडमिन) शिशिर चंद्रशेखर, प्रो. (प्रोजेक्ट) मोहम्मद अय्यूब खान और प्रो. (कंप्यूटर एवं आईटी) सिद्धार्थ शंकर तकनीकी मार्गदर्शन दे रहे हैं।

शिक्षकों के बाद 33 विद्यार्थियों को मिला एक्सपोजर

कार्यक्रम के पहले चरण में राजकीय ITI मुंगेर और तारापुर के तकनीकी शिक्षकों को 'ट्रेनिंग ऑफ टीचर्स' (ToT) के तहत प्रशिक्षित किया गया। इसके बाद दोनों संस्थानों के कुल 33 विद्यार्थियों को जमालपुर रेलवे कारखाने का विशेष शैक्षणिक व व्यावहारिक भ्रमण कराया गया। इस दल में राजकीय ITI मुंगेर के 15 और राजकीय ITI तारापुर के 18 प्रशिक्षु शामिल थे।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रेलवे कारखाने में भारी इंजनों, बोगियों और रोलिंग स्टॉक की जटिल मरम्मत और निर्माण प्रक्रियाओं को करीब से देखा व समझा। उन्हें रेलवे की वास्तविक फील्ड परिस्थितियों से भी रूबरू कराया गया।

वेल्डिंग सिमुलेटर व मॉडल रूम में हैंड्स-ऑन अनुभव

प्रशिक्षण सत्र के दौरान विद्यार्थियों को इरिमी के कैरेज एवं वैगन मॉडल रूम, डीजल मॉडल रूम और मैकेनिक्स लैब का विस्तृत अवलोकन कराया गया, जहां रेलवे के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञों ने विभिन्न उपकरणों और प्रणालियों की कार्यप्रणाली को प्रयोगात्मक रूप से समझाया।

विशेष रूप से विद्यार्थियों को वेल्डिंग सिमुलेटर पर प्रत्यक्ष अभ्यास कराया गया, जिससे उन्हें बिना किसी जोखिम के आधुनिक रेलवे मानकों के अनुरूप वेल्डिंग तकनीक का वास्तविक अनुभव प्राप्त हुआ। संस्थान प्रबंधन के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा तकनीकी छात्रों को रेलवे उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। आने वाले दिनों में अन्य बैचों के लिए भी इस प्रकार के प्रशिक्षण सत्र जारी रहेंगे।