जमीन विवाद में महिला ने पांच लोगों के साथ मिल युवक को जिंदा जलाया
मुंगेर में जमीन विवाद में महिला ने समर्थकों के साथ मिलकर युवक को जिंदा जला दिया।
मुंगेर । जमीन विवाद में दबंगों ने दिनदहाड़े पूरबसराय ओपी क्षेत्र के दिलावारपुर में कृष्णापुरी निवासी सुरेश राम (40 वर्ष) के शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। गंभीर अवस्था में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि सुरेश राम 70 फीसद से अधिक जल चुका है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सुरेश राम ने कोतवाली थाना के सब इंसपेक्टर राज नारायण अकेला के समक्ष दिए फर्द बयान में कहा कि वह अपनी जमीन पर घेराबंदी के लिए ईंट लेने जा रहा था। दिलावरपुर में अचानक फणिकांत मंडल उसकी पत्नी पत्नी बॉबी, मणिकचंद व अन्य सहित छह लोगों ने उसे घेर लिया। सभी उसे पीटने लगे। इस दौरान बाबी देवी ने उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। वह किसी तरह अपने घर की ओर भागा। आसपास के लोग ने आग बुझाने के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सुरेश राम ने कहा कि आरोपित मेरे जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। कई बार इसके लिए दबाव बनाया। मना करने पर जिंदा जलाने की कोशिश की। मामले में एसपी गौरव मंगला ने बताया कि जख्मी सुरेश राम के बयान पर पूरबसराय ओपी में तीन नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपित फणिकांत मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। आरंभिक जांच में भूमि विवाद की बात सामने आई है।