विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ITC कॉलोनी में पहली बार इतनी बड़ी चोरी! CRPF जवान के घर से 20 लाख के जेवर व LED गायब, 7 घंटे बाद पहुंची ब‍िहार पुलिस

Published: Tue, 20 Oct 2026 07:27 PM (IST)

Munger Crime News: मुंगेर की आईटीसी कॉलोनी में एक सीआरपीएफ जवान के बंद घर से चोरों ने 20 लाख के ...और पढ़ें

Munger Crime News: मुंगेर की आईटीसी कॉलोनी में दिल्ली में तैनात CRPF जवान के बंद घर से 20 लाख के गहने और नकदी चोरी

Munger Crime News: मुंगेर की आईटीसी कॉलोनी में दिल्ली में तैनात CRPF जवान के बंद घर से 20 लाख के गहने और नकदी चोरी

HighLights

  1. सीआरपीएफ जवान के बंद घर में बड़ी चोरी।

  2. 20 लाख के जेवर और 56 हजार नकद गायब।

  3. पुलिस 7 घंटे देरी से पहुंची, लोगों में आक्रोश।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Crime News: मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रिहायशी इलाके आईटीसी कॉलोनी में बेखौफ चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक सीआरपीएफ जवान के बंद आवास को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे 56 हजार रुपये नकद, करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, एलईडी टीवी, कीमती कपड़े सहित अन्य आवश्यक सामान समेट कर फरार हो गए। दिनदहाड़े सामने आई इस बड़ी चोरी की घटना से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया है।

दिल्ली में तैनात हैं जवान, सफाई करने पहुंचे परिजन तो खुली पोल

परिजनों के अनुसार, गृहस्वामी मो. खुर्शीद आलम केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में जवान हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती देश की राजधानी दिल्ली में है। वे करीब छह महीने पहले मुंगेर स्थित अपने आवास से ड्यूटी के लिए दिल्ली गए थे, जिसके बाद से घर में ताला बंद था।

मंगलवार की सुबह उनके स्वजन मो. नदीम आवास की साफ-सफाई करने के उद्देश्य से पहुंचे। जैसे ही उन्होंने मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया, ताला पहले से टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान फर्श पर बिखरा हुआ था। जांच करने पर लॉकर में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 56 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।

7 घंटे की देरी से पहुंची पुलिस, कॉलोनीवासियों में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने फौरन डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुआयना कर लौट गई। परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 11 बजे मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के करीब सात घंटे बाद घटनास्थल पर तफ्तीश के लिए पहुंची।

स्थानीय निवासी रमन कुमार, जफर आलम और फिरोज आलम ने बताया कि आईटीसी कॉलोनी जैसे शांत और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में पहली बार इतनी बड़ी चोरी की घटना हुई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्ती नदारद रहती है, जिसका सीधा फायदा उठाकर चोरों ने बंद मकान को आसानी से निशाना बनाया और फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द खुलासे का दावा

मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मो. असलम अंसारी ने बताया कि चोरी के मामले में परिजनों के आवेदन पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान का सहारा ले रही है और आसपास के रास्तों व कॉलोनी के प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संदिग्धों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।