Bihar: मुंगेर में दो नकाबपोशों ने मुखिया प्रत्याशी की जहर पिलाकर की हत्या, मरने से पहले पुलिस को दिया बयान
Bihar Crime नक्सल प्रभावित लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र स्थित अजीमगंज पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ रहे गोरैया गांव निवासी जालेश्वर कोड़ा की मौत इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में हो गई। दम तोड़ने से पहले प्रत्याशी ने पुलिस को दिया था।
मुंगेर, जागरण संवाददाता। नक्सल प्रभावित लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र स्थित अजीमगंज पंचायत से मुखिया का चुनाव लड़ रहे गोरैया गांव निवासी जालेश्वर कोड़ा की मौत इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में हो गई।
दम तोड़ने से पहले प्रत्याशी ने दो अज्ञात लोगों पर जबरन जहर पिलाए जाने का बयान पुलिस को दिया था। पुलिस ने दो अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
दरअसल, 2021 में अजीमगंज पंचायत के मुखिया चुने गए परमानंद टूड्डू की हत्या के बाद इस पंचायत में उप चुनाव हो रहा है। 25 मई को यहां मतदान है।
पूर्व सरपंच और मुखिया जालेश्वर कोड़ा भी उपचुनाव में मुखिया पद के लिए किस्मत आजमा रहे थे। पत्नी रमिया देवी ने बताया कि शनिवार की सुबह लगभग तीन बजे दो नकाबपोश लोग आए और पति को बुलाकर पहाड़ी क्षेत्र की तरफ गए। घरवालों ने सोचा कि वह खेत पर गए हैं।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने जालेश्वर कोड़ा की खोजबीन शुरू की। इस बीच जंगल क्षेत्र में गंभीर हालत में पिता को देखकर पुत्र प्रमोद कोड़ा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल में जालेश्वर कोड़ा ने भाई राजेंद्र कोड़ा और परिवारवालों को बताया कि दोनों लोगों ने जहर पिला दिया। परिवारवालों को बताया की जो लोग उन्हें बुलाकर ले गए थे। उनका पहनावा और वेशभूषा से नक्सलियों जैसा था।
जालेश्वर कोड़ा ने दो अज्ञात लोगों पर जबरन जहर दिए जाने का बयान पुलिस को दिया था। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। परिवारवालों से भी पूछताछ की गई है। - जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, एसपी