मछली को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, विरोध में घंटों सड़क जाम
मधुबनी। जिला पुलिस केंद्र के पास स्थित गंगासागर तालाब में मछली मार रहे लोगों से मछली मांगने को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक प्रभाकर कुमार पांडेय उर्फ पिटू की हत्या कर दी गई।
मधुबनी। जिला पुलिस केंद्र के पास स्थित गंगासागर तालाब में मछली मार रहे लोगों से मछली मांगने को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक प्रभाकर कुमार पांडेय उर्फ पिटू की हत्या कर दी गई। मृतक लक्ष्मीसागर वार्ड 10 का निवासी था। बताया जाता है कि मछली मारने वाले जाल की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार को करीब तीन बजे की है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ पुलिस केंद्र के सामने ही मधुबनी-पंडौल मुख्य पथ को घंटों जाम कर जमकर नारेबाजी की। एक दुकान में भी तोड़-फोड़ कर सामान फेंक दिया। आक्रोशित लोगों ने जमकर बबाल काटा। पत्थरबाजी की बात भी बताई जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर थाना समेत आस-पास के कई थानों की पुलिस जाम स्थल पर पहुंच गई। करीब चार घंटे तक आक्रोशित लोग पथ जामकर नारेबाजी करते रहे। हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग पर डटे रहे। सहायक समाहर्ता, सदर एसडीओ, सदर एसडीपीओ, नगर थनाध्यक्ष समेत पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास घंटों तक करते रहे। लेकिन, आक्रोशित लोग हत्यारे को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग पर डटे थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश ने बताया कि हत्यारे बख्शे नहीं जाएंगे, जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सदर एसडीपीओ कामिनी बाला ने बताया कि मृतक के स्वजनों ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय ने बताया कि मृतक के पिता राम कुमार पांडेय ने अपने फर्द बयान में सोनू बारी समेत तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया कि मृतक के पिता ने सोनू बारी समेत तीन लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब उनका पुत्र मछली मांगने के लिए गया था, तो विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने रस्सी से गला दबाकर उनके पुत्र की हत्या कर दी।
कलेजे के टुकड़े को खोने के दर्द से तड़प उठी मां :
तीन बेटों की माता इंदु देवी को अपने कलेजे के एक टुकड़े को खोने के दर्द ने बदहवास कर दिया। वो स्थानीय राम चौक पर एक चौकी पर रखे अपने पुत्र प्रभाकर कुमार पांडेय के शव के पास बिलख-बिलख कर इंसाफ की गुहार लगा रही थी। बता दें कि प्रभाकर के पिता राम कुमार पांडेय पीएचइडी विभाग के चालक के पद से रिटायर्ड हैं। वे बेटे की मौत से आहत बार-बार मुर्छित हो रहे थे। मां इंदु देवी पर मानो विपदा का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जाता है कि मृतक का एक भाई पंकज पांडेय जिला प्रशासन में वाहन चालक के पद पर कार्यरत है।