पौधरोपण के साथ विश्व प्रसिद्ध सौराठ सभा प्रारंभ
मधुबनी। मैथिल ब्राह्मणों की विश्व प्रसिद्ध सौराठ सभा शुक्रवार को प्रारंभ हो गई। यह 11 जून तक चलेगी।
मधुबनी। मैथिल ब्राह्मणों की विश्व प्रसिद्ध सौराठ सभा शुक्रवार को प्रारंभ हो गई। यह 11 जून तक चलेगी। इस अवसर पर उपस्थित पंजिकारों को सौराठ सभा विकास समिति ने पाग व चादर से सम्मानित किया। आज ही विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर विधिवत सभा का उद्घाटन किया। हाला़ंकि, लॉकडाउन होने के कारण इस बार सभावास के दिन सभैतियों की कमी देखी गई। लॉकडाउन के कारण अधिकतर तय की गई शादी आगे के लिए टाल दी गई है। पंजिकारों ने भी घर से ही सिद्धांत करने का निर्णय लिया है।
जिप के पूर्व अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सौराठ सभावास के दिन पंजीकारों को सम्मान करने की परंपरा रही है। इसबार की सभा में लॉकडाउन के कारण सांस्कृतिक व उद्घाटन सत्र की व्यवस्था नहीं की गई है। सौराठ सभा विकास समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णकांत झा गुड्डू ने बताया कि समस्त मिथिला क्षेत्र की धरोहर के संरक्षण व विकास के लिए समिति कृतसंकल्पित है। सचिव शेखर चंद्र मिश्र ने बताया कि कोषाध्यक्ष शंभू पंडा के मार्गदर्शन में सात दिवसीय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। इस दौरान सुनील कुमार झा, रंजन झा, प्रशांत झा, विभाकर झा, शिवम झा, मगन ठाकुर, कवि छोटू झा, उदय झा आदि मौजूद रहे। सभी ने अपनी संस्कृति, अपनी धरोहर के संरक्षण का संकल्प लिया।