अगवा पुत्री को खोजने निकली महिला की हत्या
मधुबनी। अगवा पुत्री को खोजने के लिए निकली रहिका थाना की इजरा निवासी शमीमा खातून नामक की हत्या अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने कर दी।
मधुबनी। अगवा पुत्री को खोजने के लिए निकली रहिका थाना की इजरा निवासी शमीमा खातून नामक की हत्या अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने कर दी। मामले में महिला के रिश्तेदार के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंचे महिला के स्वजनों ने पुलिस को बताया कि ईद से एक दिन पहले स्थानीय युवक ने प्रलोभन देकर शमीमा (42) की पुत्री का अपहरण कर लिया था। इसे रहिका थाना में शमीमा खातून (पति-मो. शहजाद) ने प्राथमिकी के लिए आवेदन भी दिया। इस बीच उसे सूचना मिली कि दरभंगा-मधुबनी सीमा पर उसकी बेटी को देखा गया है। बुधवार को शमीमा अपने एक रिश्तेदार जाबिर हुसैन के साथ बाइक से दरभंगा-मधुबनी सीमा की ओर जा रही थी। इस बीच एक बाइक सवार उसका पीछा करने लगा। गौसाघाट के पास पीछे से उस बाइक सवार ने ठंडे से शमीमा के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद महिला बाइक से नीचे गिर गई। हमला कर बाइक सवार आगे की ओर भाग निकला। वहीं रिश्तेदार जाबिर ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह शमीमा को मधुबनी सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। नगर थाना पुलिस ने जाबिर हुसैन का फर्द बयान लेकर शव स्वजन को सौंप दिया। वहीं अगवा युवती का अब तक पता नहीं चल सका है।