नवाह संकीर्तन को निकाली भव्य कलश यात्रा
मधुबनी। मधेपुर प्रखंड के भीठ भगवानपुर गांव के दक्षिणवारि टोला स्थित बजरंगबली स्थान में सोमवार से नवाह संकीर्तन महायज्ञ की शुरुआत हुई।
मधुबनी। मधेपुर, प्रखंड के भीठ भगवानपुर गांव के दक्षिणवारि टोला स्थित बजरंगबली स्थान में सोमवार से नवाह संकीर्तन महायज्ञ की शुरुआत हुई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में गांव की 201 कन्याएं माथे पर कलश लिए शामिल थी। गांव के बगल से गुजरने वाली कमला नदी से कलश में पवित्र जल भरा गया। गाजे बाजे के साथ निकली कलश शोभा यात्रा का परिभ्रमण भीठ भगवानपुर पंचायत के प्रमुख सड़क मार्गों से कराया गया। शोभा यात्रा में शामिल लोग बजरंगबली, महादेव, भगवान राम सहित अन्य देवी देवताओं की जय जयकार लगा रहे थे। देवी देवताओं की जयघोष से आसपास का वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर हो उठा। कलश शोभा यात्रा का समापन यज्ञस्थल पर हुआ। यज्ञस्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्वान पंडितों द्वारा सभी कलशों को स्थापित कर नवाह संकीर्त्तन महायज्ञ की शुरुआत हुई। ग्रामीण दिवाकर झा ने बताया कि समस्त ग्रामीणों के सहयोग से नवाह महायज्ञ की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय मंडलियों के अलावे दूसरे जिले के कीर्त्तन मंडलियों को भी आमंत्रित किया गया है।
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में विनय कुमार झा, देवेन्द्र मिश्र, सुमन झा, रुपकान्त मिश्र, भूवन झा, लाल झा, अमित कुमार, चन्द्रकांत झा, काशीनाथ झा, बैजू ठाकुर आदि ग्रामीण भक्तिभाव से लगे हुए हैं।