आग लगने से दो घर जले, डेढ़ लाख के सामान की क्षति, मुआवजे की मांग
मधुबनी। लौकही प्रखंड के कोसी के गर्भ में बसे डुमरा गांव में आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए।
मधुबनी। लौकही प्रखंड के कोसी के गर्भ में बसे डुमरा गांव में आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए। घर में रखे सामान नष्ट हो चुके हैं। अगलगी की घटना से दो परिवारों में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार डूमरा गांव के राम आशीष केसरी एवं शिबू केसरी के घर में आग लगी जिससे घर में रखे सारे सामान जलकर राख हो गए। गृहस्वामियों के अनुसार घर में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज समेत करीब डेढ़ लाख के सामान की क्षति इस अगलगी में हुई है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। आग लगते ही चारों तरफ अफरातफरी का माहौल मच गया। लोग अपनी जान बचाने को घर से बाहर निकल कर भागे। ग्रामीणों के अथक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। जब तक आग शांत होती, तब तक दोनों परिवारों की बर्बादी हो चुकी थी। घर में रखे सारे सामान जलकर राख हो चुके थे। घटना के बाद इस संबंध में लौकही के अंचलाधिकारी एवं अंधरामठ थानाध्यक्ष को घटना की सूचना दी गई। ग्रामीण पीड़ित परिवारों के मुआवजे की मांग कर रहे हैं। विष्णुपट्टी गांव में आग से घर जला, एक लाख से अधिक का नुकसान झंझारपुर। लखनौर प्रखंड के कछुवी पंचायत के विष्णुपट्टी गांव में सोनरे पथ में एक आम के बगीचा में आग लगने से एक घर जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण अज्ञात है। हालांकि, दबी जुबान से कुछ लोग एक दूसरे गांव के लोगों पर जान बूझकर शरारत के रूप में आग लगाने का आरोप भी लगा रहे हैं। बताया गया कि शोभाकांत चौधरी अपने पुत्रों से अलग गाछी में मकान बनाकर रहते थे। एक परिवार की सारी सुख सुविधा उक्त झोपड़ीनुमा मकान में उपलब्ध थी, लेकिन किसी ने आग लगा दी। देखते ही देखते पूरा घर जलकर राख हो गया। बताया जाता है कि इस अगलगी की घटना में करीब एक लाख से अधिक की क्षति हुई है जिसमें पच्चीस हजार नकद भी बताया जाता है। कर्मचारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पूछने पर सीओ विकास पांडेय कहते हैं कि कर्मचारी ने उन्हें जानकारी दी है कि आग लगने से नष्ट हुआ मकान आवासीय नहीं था, बल्कि गोबर का उपला रखने वाला गोठुल्ला था।