वज्रपात से मवेशी घर में लगी आग, भैंस मरी
जयनगर प्रखंड की डोरवार पंचायत के कुआढ़ उत्तरी टोल के कोरियानी वार्ड संख्या 3 में गुरुवार रात एक फूस के मवेशी घर में आग लगने से एक भैंस घटनास्थल पर ही मर गई।
मधुबनी। जयनगर प्रखंड की डोरवार पंचायत के कुआढ़ उत्तरी टोल के कोरियानी वार्ड संख्या 3 में गुरुवार रात एक फूस के मवेशी घर में आग लगने से एक भैंस घटनास्थल पर ही मर गई। एक अन्य भैंस और एक बैल बुरी तरह झुलस गए। गृहस्वामी दशरथ महतो ने बताया कि रात लगभग बारह बजे वर्षा के साथ एक बार जोर से मेघ गरजा उसके बाद उसके मवेशी घर में आग की लपट दिखाई देने लगी। उन्होंने बताया कि उनके मवेशी घर में वज्रपात के कारण आग लगी। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की इस घटना में डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति के क्षति का अनुमान है। घटना की खबर पाकर जयनगर के सीओ विजयेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष जयकान्त साव, डोरवार पंचायत के मुखिया सोनी देवी, सरपंच नयन कुमारी शनिवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंच हालत का जायजा लिया। सीओ विजयेन्द्र कुमार ने बताया कि अग्निपीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए वरीय पदाधिकारी को लिखा जा रहा है।