मधुबनी में रौशन हत्याकांड पर तेजस्वी का बड़ा ऐलान, पीड़ित परिवार की मदद करेंगे, बोले- न्याय के लिए लड़ेंगे
तेजस्वी यादव ने मधुबनी में रौशन यादव हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ...और पढ़ें

मधुबनी में मीडिया से बात करते तेजस्वी यादव।
HighLights
राजद रौशन यादव हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग करेगा।
पीड़ित परिवार को 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगा।
न्याय के लिए राजनीतिक और कानूनी स्तर पर संघर्ष करेगा।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। रौशन यादव हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर राजद ने आंदोलन का ऐलान किया है।
गुरुवार को जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि रौशन यादव के परिवार के लगातार संपर्क में राजद है।
पार्टी की ओर से फातमी और सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति की जानकारी ले चुकी है। उन्होंने घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि यह बड़ी घटना है और न्याय के लिए राजद पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि रौशन यादव के परिवार के साथ पुलिस के कथित अमानवीय व्यवहार की शिकायत भी सामने आई है, जो निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि जेल के अंदर बनाए गए कथित वीडियो समेत पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। मामले को मानवाधिकार आयोग के समक्ष भी ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएम से बात कर दोषी अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजद की ओर से पीड़ित परिवार को 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए राजनीतिक और कानूनी स्तर पर भी संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि मधुबनी में राजद का संगठन कमजोर होने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने मिथिलांचल में अपराध की घटनाओं में वृद्धि की बात भी की।
प्रेसवार्ता के दौरान तेजस्वी यादव ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राजद लगातार इस मामले को उठाता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कमजोर है, इसलिए बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सीवान में आंदोलन कर रहे लोगों पर पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सीवान की घटना को पुलिस ने जलियांवाला बाग जैसी घटना में बदल दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जिला राजद कमेटी का नया संगठन तैयार किया जाएगा। संगठन को मजबूत कर जनता से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रौशन यादव हत्याकांड समेत अपराध, पेपर लीक, पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मुद्दों पर राजद आगे भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।
प्रेस वार्ता में राज्य सभा सांसद डा. फैयाज अहमद, एमएलसी अब्दूलबारी सिद्धिकी, राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, पूर्वमंत्री समीर महासेठ, पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव, भरत भूषण मंडल, प्रदीप प्रभाकर, विष्णुदेव यादव, रामशीष यादव, पप्पू यादव, राजेन्द्र यादव, अमरेंद्र चौरसिया सहित अन्य राजद नेतागण मौजूद थे।
