औचक निरीक्षण में विद्यालय की खुली कलई
जयनगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कमलावाड़ी का शनिवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दिनेश महतो ने औचक निरीक्षण किया।
मधुबनी। जयनगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कमलावाड़ी का शनिवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दिनेश महतो ने औचक निरीक्षण किया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जब सुबह दस बजे जब विद्यालय पहुंचे तो विद्यालय का ताला भी नहीं खुला था। ग्रामीणों की शिकायत के आलोक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के विद्यालय का औचक निरीक्षण करने की खबर मिलते ही विद्यालय में पदस्थापित सभी सात शिक्षक शिक्षिका विद्यालय पहुंचे। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मामले की गंभीरता से लेते हुए सभी सात शिक्षक शिक्षिका के उपस्थिति पंजी पर शनिवार की हाजिरी काट दी।साथ ही सभी पदास्थापित शिक्षक शिक्षिका से स्पष्टीकरण पूछा गया है । प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक रोहित महरा, संतोष यादव, परमेश्वर यादव, जीवछ यादव, विल्टू यादव समेत अन्य दो के एक दिन की हाजिरी काटते हुए स्पष्टीकरण पूछा गया है। उन्होंनें बताया कि ग्रामीण अक्सर शिकायत करते थे कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक- शिक्षिका समय पर विद्यालय नहीं आते हैं, मध्यान्ह भोजन महीना में तीन चार दिन ही बनता है। जिसके आलोक में शनिवार को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया, तो ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई।