विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी के झंझारपुर में आरपीएफ एएसआई पर बदमाशों का हमला, सिर फटा, हाथ में फ्रैक्चर, 5 गिरफ्तार

Published: Tue, 06 Oct 2026 06:59 PM (IST)

झंझारपुर में आरपीएफ एएसआई विकास कुमार यादव पर बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनके ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. झंझारपुर में आरपीएफ एएसआई विकास कुमार यादव पर हमला।

  2. बदमाशों ने सिर फोड़ा, कलाई में हेयरलाइन फ्रैक्चर किया।

  3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पांच आरोपियों को दबोचा।

संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी) । झंझारपुर आरपीएफ आउटपोस्ट में तैनात एएसआई पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है।

आरपीएफ आउटपोस्ट के प्रभारी के रूप में तैनात एएसआई विकास कुमार यादव को सूचना मिली कि रेलवे स्टैंड के पास कुछ अराजक तत्व स्टैंड इंचार्ज मदन कुमार झा और उनके कर्मियों के साथ मारपीट कर रहे हैं।

सूचना पर एएसआई अकेले मौके पर पहुंचे और एक बदमाश को पकड़ लिया। इसी दौरान आधा दर्जन बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने मुक्के, लात और वहां रखे लंबे बांस से उन पर वार किया।

बांस लगने से उनका सिर फट गया और बाएं हाथ की कलाई में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया। रक्तस्राव के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गए। बाद में जुटे रेलकर्मियों ने उन्हें अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।

इस संबंध में एएसआई के आवेदन पर राजकीय रेल पुलिस दरभंगा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात में ही पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।

सभी अंधराठाढ़ी प्रखंड के रजनपुरा गांव के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपितों में रामचंद्र पासवान का पुत्र अमरेश पासवान, नीलपाल पासवान का पुत्र लोकेश कुमार, बैजनाथ पासवान का पुत्र अवधेश पासवान, पलटन पासवान का पुत्र रामनारायण पासवान और जामुन पासवान का पुत्र बसंत पासवान शामिल है।

एक फरार आरोपी की पहचान स्व. रामदास पासवान के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य अज्ञात फरार है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को दरभंगा ले जाया गया है। घटना के बाद जीआरपी निरीक्षक और आरपीएफ अधिकारियों ने झंझारपुर का दौरा किया।