मुखिया प्रत्याशी के पति पर जानलेवा हमला के विरोध में सड़क जाम, नारेबाजी
मधुबनी । बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के त्योंथ पंचायत के लोगों ने मंगलवार को लोहिया चौक को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मधुबनी । बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के त्योंथ पंचायत के लोगों ने मंगलवार को लोहिया चौक को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वे सोमवार को पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान मुखिया प्रत्याशी झा जुली के पति पैक्स अध्यक्ष विवेक राय पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने की घटना से आक्रोशित थे और इसके विरोध में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी दिन के करीब 11 बजे हाथ में लाठी, डंडा आदि लेकर लोहिया चौक पर जुटे। प्रशासन के खिलाफ नारोबाजी करते हुए करीब दो घंटे तक लोहिया चौक प्रदर्शनकारियों के हवाले रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बाजार में दुकानों को भी बंद कराया। थाना के मुख्य गेट पर पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी गोली चलाने वाले अपराधी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व मिथिला स्टूडेंट यूनियन के लोग कर रहे थे। गोली लगने से घायल पैक्स अध्यक्ष विवेक राय के गांव-पंचायत के लोग एमएसयू के नेतृत्व में सड़क जाम कर धरना पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। उन्होंने भी हाथों में भी झाडू, लाठी-डंडे आदि ले रखा था। बंद के दौरान आयोजित सभा में एमएसयू के लोगों ने घटना के लिए स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लिया। बेनीपट्टी क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान त्योंथ पंचायत के मुखिया प्रत्याशी झा जुली के पति पैक्स अध्यक्ष विवेक राय को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया, लेकिन पुलिस ने अब तक गोली चलाने वाले अपराधी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। घायल विवेक राय दरभंगा के अस्पताल में जीवन व मौत के साथ जुझ रहा है। दिन के ग्यारह बजे प्रदर्शनकारी ने बेनीपट्टी बाजार में लोहिया चौक के निकट सड़क जाम कर यातायात को ठप कर दिया। करीब दो घंटों तक लोहिया चौक पर अफरातफरी मची रही। इस दौरान सड़क जाम की सूचना पर बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अरविद कुमार, अड़ेर थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार, खिरहर थानाध्यक्ष अंजेश कुमार, अनि मृत्युंजय कुमार, सअनि संजीत कुमार दल-बल के साथ लोहिया चौक पहुंचे। मौके पर एमएसयू के संस्थापक सदस्य अनूप मैथिल, नीरज राय, सोनू राय, कुंदन झा कश्यप, प्रवेश झा, अभिषेक झा, उज्जवल मिश्रा, अनिश चौधरी, अरविन्द झा, जयप्रकाश झा, ऋषि राय, आशिष झा चुन्नू, अमित मिश्रा, विक्की दुबे, निरंजन पासवान सहित सैकड़ो की संख्या में विवेक राय के समर्थक मौजूद थे। पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार की मौजूदगी में प्रर्दशनकारियों से वार्ता हुई जिसमें दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब एक बजे सड़क जाम समाप्त किया गया और बाजार में स्थिति सामान्य हो सकी।