गरीब बच्चों के लिए हर जिला मुख्यालय में देंगे नवोदय की तरह आवासीय विद्यालय : उपेंद्र कुशवाहा
मधुबनी। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में विचित्र राजनीतिक होड़ मची है।
मधुबनी। रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में विचित्र राजनीतिक होड़ मची है। 15-15 साल शासन करने वाले एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। एक को जंगलराज की संज्ञा दी जा रही है तो एक को भ्रष्टाचार की सरकार कहा जा रहा है। जब दोनों पंद्रह साल वाले गड़बड़ ही हैं तो आम लोगों की सहूलिएत के लिए हमने बिहार में एक तीसरा विकल्प दिया है। यही विकल्प पांच साल में बिहार में तेजी से विकास कर सकता है। वे झंझारपुर विधानसभा के जोरला उच्च विद्यालय के प्रांगण में रालोसपा प्रत्याशी सह पूर्व सांसद बीरेंद्र कुमार चौधरी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब मौका मिला तो पंद्रह बनाम पंद्रह साल की सरकार ने आम लोगों के लिए कुछ नहीं किया। सिर्फ अपना घर भरने का काम किया और अब कोई दस लाख तो कोई उन्नीस लाख नौकरी देने की बात करता है। लोगों से आह्वाहन करते हुए कहा कि आप झांसा में न आएं और इस बार मुझे पांच साल का मौका दें। उन्होंने कहा कि दोनों ही सरकारों ने सत्ता में अतिपिछड़ों और दलितों को भागीदारी नहीं दी। उनकी सरकार बनने पर वे चार उप मुख्यमंत्री बनाएंगे जिसमें दलित, अतिपिछड़ा, महिला और सवर्ण भी होंगे। कहा कि अगर सत्ता में आए तो हरेक जिला में नवोदय की तरह एक आवासीय विद्यालय गरीब के बच्चों के लिए खोलेंगे। सजद डी के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद यादव ने भी वोट देने की अपील की। कहा कि यह समाजवाद की धरती है और यहां सांप्रदायिकवाद को पनपने नहीं देना है। उन्होने भी पूर्व सांसद सह प्रत्याशी को वोट देकर जीताने की अपील की। सभा की अध्यक्षता रामलोचन महतो ने की। सभा को प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार चौधरी, फुलपरास के प्रत्याशी राम कुमार यादव, विद्यानंद मुखिया, प्रमोद कुमार, विजय कुमार, रामशंकर पाठक, दिलीप साह, आनंद नारायण सिंह, विजय कुमार महतो, वैद्यनाथ मेहता सहित दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया।