पिकनिक मनाने वालों को आकर्षित करता राजनगर का राज परिसर
मधुबनी। नववर्ष के आगमन की चहुंओर स्वागत की तैयारी चल रही है। युवा बच्चे पिकनिक सहित अन्य कार्यक्रम बना रहे है।
मधुबनी। नववर्ष के आगमन की चहुंओर स्वागत की तैयारी चल रही है। युवा, बच्चे पिकनिक सहित अन्य कार्यक्रम बना रहे है। बाजार में ग्रिटिग्स, उपहार, कपड़े दुकानों पर खरीदार पहुंचने लगे हैं। वहीं नववर्ष पर धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी भी चल रही। श्री सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा नववर्ष पर शहर में साईं रथ निकाला जाएगा। इधर, जिले के संपूर्ण हिस्सों में विभिन्न मंदिर पर धर्मिक अनुष्ठान के आयोजन के लिए मंदिरों का सजावट कार्य चल रहा है।
पिकनिक स्थल के रुप में राजनगर का राज परिसर जिले के लोगों को आकर्षित करता रहा है। नववर्ष पर राज परिसर में पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ होती है। ऐतिहासिक व धर्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध राज परिसर में दुर्गा मंदिर, काली मंदिर, कामाख्या मंदिर, महावीर मंदिर व गिरिजा मंदिर के दर्शन-पूजन के लिए लोगों की भीड़ बनी रहती है। राज परिसर में पिकनिक के लिए जिले के अलावा नेपाल से भी लोग पहुंचते हैं। वहीं शहर से सटे हवाईपट्टी परिसर में भी पिकनिक मनाने वालों की तादाद देखी जाती है। सकारात्मक सोच के साथ वर्ष 2020 में रखेंगे कदम
नववर्ष के आगमन को लेकर खासकर बच्चे, युवा व महिलाओं में अभी से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है। इसकी तैयारी में जुटे शहर के युवा शंकर कुमार ने बताया कि नववर्ष पर घर आने वाले अतिथियों का तरह-तरह के व्यंजनों से स्वागत की तैयारी चल रही है। मोहन कुमार ने बताया कि नए साल के प्रथम दिन माता-पिता का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लूंगा। मंगलकामनाओं के लिए पूजा-अर्चना के बाद दोस्तों के साथ भोजन करेंगे। दोस्तों के लिए तरह-तरह के व्यंजनों की व्यवस्था होगी। गोविंद कुमार ने बताया कि वर्ष 2020 के प्रथम दिन सुबह पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेंगे। स्वच्छता अभियान में हाथ बढ़ाएंगे। प्रिया कुमारी ने बताया कि नववर्ष के प्रथम दिन से ही जरूरतमंदों की सेवा की शुरुआत करेंगे। पौधारोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प लेंगे।