नामांकन शुरू होते ही राजनीतिक पारा चढ़ा आसमान
नामांकन शुरू होते ही घोघरडीहा नगर पंचायत में राजनीतिक तापमान का पारा बढ गया है।
मधुबनी। नामांकन शुरू होते ही घोघरडीहा नगर पंचायत में राजनीतिक तापमान का पारा बढ गया है। अभी से ही मुख्य पार्षद पद हथियाने को लेकर विभिन्न वार्डों में अपने-अपने चहेते उम्मीदवार के पक्ष में भी संबंधित लोगों की सक्रियता देखी जा सकती है। फलस्वरूप कुछ डमी तो कुछ वोट कटवा उम्मीदवार बनाकर भी विपक्षी को मात देने के नुस्खे को भी आजमाने से इनकार नहीं किया जा सकता है। गत दस वर्षों से मुख्य पार्षद पद अनारक्षित अन्य रहने से इस बार आरक्षण में जाने की आस सभी को था। लेकिन जैसे ही मुख्य पार्षद का पद एक बार पुन: अनारक्षित अन्य रहने से नगर पंचायत की राजनीति का पारा चढ़ गया है।
हालांकि वार्डवार आरक्षण रोस्टर में कई दिग्गजों का परापरंगत सीट आरक्षित हो जाने से मुख्य पार्षद शंकर झा वार्ड 9 से तो दो-दो बार उपमुख्य पार्षद रहने वाले प्रमोद कुमार यादव के वार्ड 7 से एवं पत्नी को वार्ड 5 से लड़ने की चर्चा है। पूर्व मुख्य पार्षद पवन कुमार झा का वार्ड दो अतिपिछडा़ महिला में आरक्षण श्रेणी में चले जाने पर उनके अब चुनाव लड़ने पर सवालिया निशान है। उपमुख्य पार्षद सूरज मुखिया का वार्ड 5 आरक्षण श्रेणी में चले जाने के कारण अब उनकी रणनीति पर सबकी नजर टिकी है। इसके अलावा कुछ नवागंतुक दिग्गजों द्वारा भी विभिन्न वार्डों में दमदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए आशीर्वाद हेतु हर घर दस्तक देते नजर आ रहे हैं। बता दें कि अनुमंडल के 11 वार्ड वाले घोघरडीहा नगर पंचायत का चुनाव आगामी 21 मई को निर्धारित है।