लवकुश शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चार को दबोचा
नगर थाना क्षेत्र के लोहरसारी चौक निवासी 24 वर्षीय लवकुश शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मधुबनी। नगर थाना क्षेत्र के लोहरसारी चौक निवासी 24 वर्षीय लवकुश शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्ति उक्त हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त हैं। उक्त जानकारी सोमवार को नगर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एसडीपीओ कामिनी बाला ने दी। उन्होंने बताया कि लवकुश शर्मा हत्याकांड में जिन अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, उसमें अनिल साह, साबिर, चंदन ठाकुर व सोनू कुमार ठाकुर शामिल हैं। सदर एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन चारों व्यक्तियों की पहचान मृतक लवकुश शर्मा की मां के द्वारा भी की गई है। ये सभी लवकुश शर्मा को अगवा करने में शामिल थे। लवकुश शर्मा को अगवा करके मौत की घाट उतार दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक लवकुश शर्मा भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। इसका आपराधिक इतिहास रहा है। इसके विरुद्ध कई संगीन मुकदमें दर्ज हैं। साबिर व चंदन ठाकुर का भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार किए गए इन चारों व्यक्ति का संबंध लवकुश शर्मा हत्याकांड में नामजद अभियुक्त चंदन कुमार भारती से भी है। सदर एसडीपीओ ने यह भी कहा कि उक्त हत्याकांड की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आपसी रंजिश में लवकुश शर्मा की हत्या कर दी गई है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा रहा है। मृतक लवकुश शर्मा के बारे में बताया जा रहा है कि वह मुखबिरी का भी कार्य करता था।