बाढ़ सहायता राशि से अभी भी वंचित हैं लोग
स्थानीय प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को 13 सूत्री मांगों को लेकर सीपीआइएम द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया।
मधुबनी। स्थानीय प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को 13 सूत्री मांगों को लेकर सीपीआइएम द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। धरनास्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अंचल कमेटी के सचिव राम नारायण यादव ने कहा कि गत वर्ष मधेपुर में आई बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई थी। इस दौरान जिनके घरों में पानी नहीं गया वैसे लोगों के खाते में सहायता राशि भेज दी गई। जबकि जिन लोगों के घरों में पानी गया था वैसे सैकड़ों लोग आज भी सहायता राशि से वंचित हैं। प्रखंड के बाहरी लोगों के अलावे जनप्रतिनिधियों के संबंधियों के खाते में सहायता की राशि भेजी गई। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर राहत वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया। जनवादी महिला समिति के सचिव बबीता राय ने कहा कि देश और प्रान्त की सरकार के गलत नीतियों के चलते जनता बेरोजगारी और महंगाई की मार झेल रही हैं। कार्यक्रम को उमेश कुमार राय, अजय कुमार अमर, शत्रुघ्न ठाकुर, वीणा देवी, वितल देवी, सैफुल खातुन, अमोला देवी, रघुनाथ मुखिया, गुलाई सदाय, जगदीश मुखिया, मो. नईम, कारी मुखिया, मो. हारुण आदि ने संबोधित किया।