नौ वर्षीया बच्ची की ईंट से कुचलकर हत्या
हैवानों ने हैवानियत की सीमा को भी पार करते हुए एक नौ वर्षीया बच्ची के सिर को ईंट से कुचल कर हत्या कर दी है।
मधुबनी। हैवानों ने हैवानियत की सीमा को भी पार करते हुए एक नौ वर्षीया बच्ची के सिर को ईंट से कुचल कर हत्या कर दी है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है। शव शनिवार को तकरीबन 10 बजे बलिराजगढ़ के परिसर में पश्चिम दक्षिण चहारदीवारी के पास बरामद हुई। शव की पहचान रमनीपट्टी गांव निवासी रामबाबू दास की पुत्री सोनी कुमारी के रुप में हुई है। रामबाबू ने बताया कि शुक्रवार शाम बलिराजगढ में चैती दुर्गा पूजा देखने सपरिवार गए थे। जहां से रात आठ बजे सभी वापस घर लौटे। खाना खाकर सभी एक झोपड़ीनुमा कमरे में सो गए। अहले सुबह नींद खुली तो सोनी को गायब पाया। सभी सगे संबंधी के यहां खोजबीन किया। लेकिन, कोई सुराग नहीं मिला। फिर शक पर बलिराजगढ में खोजबीन प्रारंभ किया। यहां क्षत विक्षत शव मिला। शव के निकट कई ईंट के टुकड़े भी मिले। जिसमें खून के धब्बे थे। बच्ची के सिर को ईंट से कुचल दिया गया था। घटना की सूचना पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग तरह तरह के कयास लगा रहे थे। थानाध्यक्ष संजय कुमार घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।