अब शहर के सभी नालों को किया जाएगा अतिक्रमणमुक्त
मधुबनी। बरसात से पूर्व नगर निगम क्षेत्र के नालों की सफाई को लेकर रविवार को नगर निगम कार्या
मधुबनी। बरसात से पूर्व नगर निगम क्षेत्र के नालों की सफाई को लेकर रविवार को नगर निगम कार्यालय में उप नगर आयुक्त अरुण कुमार ने बैठक की। बैठक में उप नगर आयुक्त ने बरसात से पूर्व जलजमाव की आशंका के मद्देनजर शहर के नालों से जुड़े केनालों की सफाई सहित अन्य मसलों पर कई निर्देश दिए। उप नगर आयुक्त ने बैठक में बताया कि नगर निगम क्षेत्र के जेएमडीपीएल महिला कॉलेज सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में नालों को अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा।
शहर के संपूर्ण हिस्सों में नाला का अतिक्रमण करने वालों को आज सोमवार से चिन्हित किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों को एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दी जाएगी। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया जाएगा। जिसका खर्च अतिक्रमणकारी से वसूली जाएगा। इसके लिए एक टीम का गठन किया गया है। टीम में सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा, स्वच्छता निरीक्षक अनिल कुमार झा, वरीय लिपिक प्रमोद कुमार वर्मा, उदयचन्द्र झा, जेई रवि रंजन सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। बैठक बाद उप नगर आयुक्त ने कार्यालय कर्मी को निगम कार्यालय स्थित सत्येंद्र प्रमोद वन का जायजा लेते हुए इसके फाइल निकालने का आदेश दिया। वहीं कार्यालय के सामने तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए जेई रवि रंजन से प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया। उप नगर आयुक्त ने बताया कि सत्येंद्र प्रमोद वन के अधूरे कार्य को पूरा करने के साथ तालाब के सौंदर्यीकरण कराई जाएगी। तालाब के सौंदर्यीकरण से शहर के लोगों को यहां स्वच्छ वातावरण में फुर्सत के पल गुजारने का लाभ मिलेगा। छठ पूजा करने वालों को भी सहूलियत होगी।