नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा की आग मधेश तक फैली, जयनगर-जनकपुर ट्रेन अनिश्चितकाल के लिए बंद
Nepal Railways Service: नेपाल के सुनसरी से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा मधेश प्रदेश में फैल गई है। इस स्थिति के ...और पढ़ें

सुरक्षा कारणों से ट्रेन जयनगर में खड़ी की गई है। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। Nepal Communal Violence: नेपाल के सुनसरी जिले से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा की आग अब मधेश प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से फैल गई है।
बिगड़ते हालात और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नेपाल प्रशासन ने धनुषा और सिरहा जिले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। इस गंभीर स्थिति के कारण भारत के जयनगर से नेपाल के जनकपुर और बिजलपुरा के बीच चलने वाली नेपाली ट्रेन का परिचालन ठप हो गया है।
अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
जयनगर नेपाली रेलवे के स्टेशन अधीक्षक एसएल मीना ने बताया कि धनुषा जिले में कर्फ्यू लगाए जाने के बाद शुक्रवार से रेल सेवा बंद कर दी गई है।
जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही अगले आदेश तक पूरी तरह से स्थगित रहेगी। इस फैसले के बाद सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों की परेशानी अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
रोजाना सफर करते हैं हजारों
सामान्य दिनों में जयनगर से जनकपुर और बिजलपुरा के बीच रोजाना तीन फेरों में ट्रेन का सफल संचालन किया जाता है। इनमें से एक फेरा बिजलपुरा तक और दो फेरे जनकपुर-कुर्था के बीच पूरे किए जाते हैं। इस रेल मार्ग से हर दिन करीब पांच हजार यात्री अपनी यात्रा पूरी करते हैं।
नेपाल रेलवे के राजस्व पर असर
ट्रेन सेवा पूरी तरह बंद होने के कारण नेपाल रेलवे को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। बीते गुरुवार को ट्रेन के सभी तीन फेरे निर्धारित समय पर चलाए गए थे। हालांकि शाम होते ही तनाव को देखते हुए ट्रेन को बिजलपुरा के बजाय केवल जनकपुर तक ही चलाया गया।
सुरक्षा के लिए जयनगर लाए रैक
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कारणों से ट्रेन के रैक को वापस जयनगर लाकर खड़ा कर दिया गया है। इसके अलावा नेपाल के ईनरवा रेलवे स्टेशन पर खड़े अतिरिक्त डिब्बों को भी सुरक्षित जयनगर स्टेशन पहुंचा दिया गया है। नेपाल रेलवे प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सुरक्षा बलों को लिखा गया पत्र
नेपाल रेलवे ने ट्रेन और स्टेशन परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी को पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का आधिकारिक अनुरोध किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के समय भी ट्रेन सेवाएं रोक दी गई थीं।
