मधुबनी के कोतवाली चौक पर मुंबई पुलिस का छापा, गल्फ में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला जाकिर गिरफ्तार
Gulf Job Fraud: मुंबई पुलिस ने मधुबनी के कोतवाली चौक से गल्फ देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी ...और पढ़ें

सफेद टी-शर्ट में खड़ा मो. जाकिर।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Mumbai Police Action: शहर के कोतवाली चौक पर बुधवार को मुंबई पुलिस ने छापेमारी कर गल्फ देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोपित युवक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान दरभंगा जिले के मनीगाछी निवासी जाकिर हुसैन के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से कोतवाली चौक के पास रहकर ठगी का धंधा चला रहा था।
दो अन्य भी हिरासत में
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार जाकिर हुसैन के खिलाफ मुंबई में ठगी का मामला दर्ज है।
आरोप है कि वह गल्फ देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।
मुंबई में दर्ज है मामला
इसी मामले में मुंबई पुलिस मधुबनी पहुंची और कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आरोपितों से पूछताछ कर रहे हैं।
पुलिस ने पिछले दिनों पाकिस्तान के हैंडलर को भगाने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कोतवाली चौक निवासी लादेन को भी बुलाया।
लादेन से कराई पहचान
पुलिस ने लादेन से जाकिर की पहचान कराने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र पुलिस जाकिर को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाएगी। इसके बाद मुंबई में दर्ज मामले के संबंध में उससे आगे पूछताछ की जाएगी।
पासपोर्ट रैकेट से कनेक्शन
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही घोघरडीहा में पासपोर्ट रैकेट का पर्दाफाश हुआ था। पुलिस अब जाकिर की गिरफ्तारी और घोघरडीहा में सामने आए पासपोर्ट रैकेट के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है। मामले में पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
