पहली ने छोड़ा, दूसरी प्रेमी संग फरार, तीसरी से शादी करते गिरफ्तार
पहली पत्नी ने छोड़ दिया तो उसने दूसरी शादी की। लेकिन दूसरी प्रेमी संग फरार हो गई। इसके बाद वह तीसरी नाबालिग लड़की से शादी करने पहुंचा तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानिए मामला।
मधुबनी [जेएनएन]। पहली पत्नी ने छोड़ दिया तो दूसरी प्रेमी संग भाग गई। इसके बाद अधेड़ ने जब एक नाबालिग लड़की से शादी कर रहा था तब पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शादी रोक कर दूल्हा को उसके भाई व बहनोई के साथ गिरफ्तार कर लिया। घटना मधुबनी के आरएस ओपी क्षेत्र के एक गांव की है।
मिली जानकारी के अनुसार पिरोजगढ़ गांव निवासी मोती अंसारी दो शादियां कर चुका है। उसकी पहली शादी पिरोजगढ़ में ही हुई थी। पहली पत्नी ने उसे छोड़ दूसरी शादी रचा ली। इसके बाद उसने अंधराठाढ़ी थाना के जमैला गांव में दूसरी शादी की। उसे एक पुत्र भी हुआ, लेकिन पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
इसके बाद उसने आर एस ओपी के एक गांव में तीसरी शादी ठीक कर ली। दुल्हन नाबालिग थी। शादी करने अपने सगे संबंधियों के साथ मोती अंसारी बीती रात गांव में पहुंचा। वहां लोगों ने बाल विवाह तथा बेमेल शादी का विरोध किया तथा पुलिस को इसकी सूचना दी।
जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा मोती अंसारी, उसके छोटे भाई आलम अंसारी एवं बहनोई नसीम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ बाल विवाह अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।