विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में महिला की पीट पीटकर हत्या के बाद शव जलाया, पुलिस हिरासत में पति और पुत्र 

Published: Tue, 09 Jun 2026 05:49 PM (IST)

मधुबनी के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय महिला की कथित तौर पर पति और छोटे बेटे ने पीट-पीटकर ...और पढ़ें

काको के तारडीहा में मृतका के पुत्र से पूछताछ करते एसडीपीओ सुबोध कुमार सिंहा । सौजन्य (एसडीपीओ)

काको के तारडीहा में मृतका के पुत्र से पूछताछ करते एसडीपीओ सुबोध कुमार सिंहा । सौजन्य (एसडीपीओ)

HighLights

  1. मधुबनी में 55 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या।

  2. पति और छोटे बेटे पर हत्या का आरोप, हिरासत में।

  3. सबूत मिटाने के लिए शव को घर से दूर जलाया गया।

संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी) । बिहार में मधुबनी जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

काको पंचायत के तरडीहा गांव में एक 55 वर्षीय महिला की कथित रूप से उसके ही पति और छोटे पुत्र द्वारा पिटाई कर हत्या कर दी गई। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को घर से करीब 500 मीटर दूर कलमबाग में जलाने की भी बात सामने आई है।

घरेलू विवाद से तनाव

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह मृतका निर्मला देवी का अपने छोटे पुत्र से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि कथित रूप से पुत्र ने लाठी से उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद शाम को उनका अपने पति चंदेश्वर मंडल से भी झगड़ा हो गया, जिसके बाद फिर मारपीट हुई। इसी दौरान निर्मला देवी की मौत हो गई।

सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप

घटना के बाद आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्यों और ग्रामीणों की मदद से शव को घर से लगभग 500 मीटर दूर कलमबाग ले जाया गया और उसे जलाने की कोशिश की गई, ताकि मामले से जुड़े साक्ष्य न मिल सकें।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मंगलवार सुबह पुलिस को इस घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुबोध कुमार सिंह और थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के पति चंदेश्वर मंडल और छोटे पुत्र अभिषेक कुमार मंडल को हिरासत में ले लिया है। दोनों एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

फॉरेंसिक जांच और आगे की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से शव के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए एकत्र किया जाएगा। मृतका के बड़े पुत्र मिथिलेश मंडल के दिल्ली से लौटने के बाद औपचारिक रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।