विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में रिश्वत लेते ट्रैफिक DSP गिरफ्तार, कार्यालय से बाहर निकलते ही बिगड़ी तबीयत, जमीन पर गिरे

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:44 PM (IST)

मधुबनी में पटना से आई निगरानी टीम ने ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय के पास गिरफ्तार किया।

HighLights

  1. ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार रिश्वत लेते पकड़े गए।

  2. निगरानी टीम ने 30 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया।

  3. गिरफ्तारी के दौरान जमीन पर लेटने का वीडियो वायरल।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। बिहार के मधुबनी में मंगलवार की शाम निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पटना से पहुंची निगरानी विभाग की आठ सदस्यीय टीम ने डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि सकरी थाना क्षेत्र के गंधवारी निवासी नवीन कुमार मिश्रा के पुत्र रोहित मिश्रा ने ट्रैफिक डीएसपी के विरुद्ध रिश्वत मांगने की शिकायत की थी।

आरोप था कि सड़क पर टीपर वाहन (डंपर) चलाने की अनुमति देने के बदले उनसे प्रतिमाह एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का सत्यापन कराया।

इसके बाद मंगलवार को टीम ने मधुबनी पहुंचकर कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक डीएसपी को उन्हीं के कार्यालय कक्ष में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

कार्रवाई के दौरान मचा हड़कंप

सब जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम जब डीएसपी को उनके कार्यालय कक्ष से बाहर ले जा रही थी, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह जमीन पर गिर पड़े और चीखने-चिल्लाने लगे।

अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए निगरानी टीम उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, मधुबनी ले गई।

खबर लिखे जाने तक सदर अस्पताल मधुबनी में उनका इलाज चल रहा था। जबकि इस दौरान निगरानी विभाग के सभी पदाधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल में मौजूद रहे।