मधुबनी में गोबर फेंकने निकली किशोरी, रातभर तलाश के बाद गाछी में मिली लाश
मधुबनी के झंझारपुर में गोबर फेंकने निकली 16 वर्षीय किशोरी रोशनी खातून की लाश अगले दिन घर के पास एक ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
16 वर्षीय किशोरी गोबर फेंकने निकली, फिर नहीं लौटी।
अगले दिन घर के समीप गाछी में मिला शव।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, झंझारपुर (मधुबनी)। घर के बगल में गोबर फेंकने निकली 16 वर्षीय किशोरी देर शाम तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। गुरुवार सुबह घर के समीप गाछी में उसकी लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
गाछी में मिली लाश
घटना भैरवस्थान थाना क्षेत्र के काको गांव स्थित अब्दुल्ला टोल की है। मृतका की पहचान गांव निवासी मो. शमीम की पुत्री रोशनी खातून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रोशनी बुधवार शाम करीब चार बजे घर से गोबर फेंकने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
रातभर होती रही तलाश
काफी देर तक रोशनी के घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। आसपास के इलाके और परिचित स्थानों पर तलाश की गई। देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन परेशान रहे। गुरुवार सुबह घर के बगल स्थित गाछी में उसकी लाश मिली।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
लाश मिलने की सूचना पर भैरवस्थान थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक छानबीन शुरू कर दी है। किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
