विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी : ससुराल में सो रहा था दामाद, सुबह बाइक चोरी; अगले दिन शराब लदी मिली

Published: Tue, 15 Sep 2026 04:40 PM (IST)

मधुबनी के पंडौल में ससुराल आए दामाद की बाइक चोरी हो गई, जो अगले ही दिन शराब तस्करी के मामले ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, पंडौल (मधुबनी)। ससुराल में मेहमानी करने पहुंचे दामाद ने शायद ही सोचा होगा कि एक रात में उसकी बाइक चोरी होने के बाद अगले ही दिन वह शराब तस्करी के मामले में बरामद हो जाएगी।

बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराने में हुई देरी के बीच जब देवधा थाना से फोन आया तो दामाद के होश उड़ गए। पता चला कि उसकी चोरी हुई बाइक शराब लदी हालत में पकड़ी गई है।

बरामदे में खड़ी थी बाइक

मामला पंडौल थाना क्षेत्र के उजोल गांव का है। रहिका थाना क्षेत्र के राजा टोल निवासी मनजीत कुमार पासवान परिवार के साथ अपने ससुराल आए थे। रात में उन्होंने बाइक ससुर के घर के बरामदे में खड़ी की और परिवार के साथ सो गए। सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला।

आवेदन में रह गई त्रुटि

मनजीत अपनी सास सुनैना देवी के साथ पंडौल थाना पहुंचे और बाइक चोरी का आवेदन दिया। पुलिस के अनुसार आवेदन में त्रुटि रहने के कारण तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी। पुलिस ने दोबारा आवेदन देने के लिए फोन किया, लेकिन वे दोबारा थाना नहीं पहुंचे।

अगले दिन आया चौंकाने वाला फोन

इसी बीच अगले दिन देवधा थाना से मनजीत को फोन आया। बताया गया कि उनकी बाइक शराब तस्करी में पकड़ी गई है। यह सुनकर वह हैरान रह गए। इसके बाद आनन-फानन में पंडौल थाना पहुंचकर दोबारा आवेदन दिया गया और प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

दोनों थानों से जुड़ा मामला

थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। देवधा थाना से भी संपर्क किया जा रहा है।