मधुबनी में चाची सिंडिकेट के बाद राजा व्यार, 13 लाख नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार
मधुबनी के सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई में राजा व्यार को 13 लाख नेपाली करेंसी के ...और पढ़ें

HighLights
राजा व्यार 13 लाख नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार।
गिरफ्तारी को चाची सिंडिकेट से जोड़कर जांच जारी।
दवा कारोबार की आड़ में अवैध व्यापार का आरोप।
संवाद सहयोगी, बासोपट्टी (मधुबनी)। Madhubani Smuggling Network: मधुबनी के सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है।
कुख्यात महिला तस्कर हीरा महासेठ उर्फ चाची की गिरफ्तारी के बाद अब खौना निवासी राजा व्यार को नेपाली प्रहरी ने 13 लाख नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है।
सुरक्षा एजेंसियां इस गिरफ्तारी को चाची सिंडिकेट से जोड़कर भी जांच कर रही हैं।
दवा कारोबार की आड़ में नेटवर्क
बताया जा रहा है कि राजा व्यार दवा व्यापार की आड़ में भारत-नेपाल के बीच अवैध कारोबार करता था। वह नशीली दवाओं की बिक्री से भी जुड़ा बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, राजा दशकों से नेपाली मुद्रा की अवैध अदला-बदली के कारोबार में सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियां राजा व्यार के नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं। उसके संबंध चाची के परिवार से जुड़े राजीव महासेठ के कारोबार से होने की आशंका जताई जा रही है।
चाची के मोबाइल से मिले सुराग
सूत्रों के अनुसार, चाची की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल फोन से कई कारोबारियों के नाम सामने आए थे। इसके बाद एजेंसियों ने बासोपट्टी बाजार के दर्जनों कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की थी। राजा व्यार की गिरफ्तारी को भी इसी कार्रवाई की कड़ी माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बासोपट्टी बाजार के कई कारोबारी मुद्रा अदला-बदली और दवा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कई संदिग्ध एजेंसियों के रडार पर
सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय नेटवर्क से जुड़े कई अन्य संदिग्धों को भी रडार पर लिया है। मामले में नेपाली प्रहरी और भारतीय सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। जांच एजेंसियां तस्करी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों और सीमा पार संपर्कों की कड़ियां खंगाल रही हैं।
राजा व्यार की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
