मधुबनी में एसएच-52 पर रस्सी के बंडल से टकराकर बाइक समेत गिरी महिला, गोद वाले एक वर्षीय बच्चे की मौत
मधुबनी के रहिका-बेनीपट्टी मार्ग पर एसएच-52 पर दो बाइक की टक्कर में एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि ...और पढ़ें

दोनों बाइक चालक बेनीपट्टी की ओर से रहिका की ओर जा रहे थे।
HighLights
एसएच-52 पर दो बाइक की टक्कर में हादसा।
एक वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल, अस्पताल रेफर।
संवाद सहयोगी, रहिका (मधुबनी)। रहिका-बेनीपट्टी मुख्य मार्ग एसएच-52 पर सतलखा भैरव स्थान के समीप दो बाइक की टक्कर में एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक चालक बेनीपट्टी की ओर से रहिका की ओर जा रहे थे। एक बाइक के पीछे रस्सी का बंडल बंधा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक पर पीछे बैठी महिला रस्सी के बंडल से टकरा गई।
सड़क पर गिरने से गंभीर चोट
रस्सी के बंडल से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला और उसकी गोद में रहा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल रहिका पीएचसी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों बाइक जब्त की
जख्मी महिला की पहचान हरलाखी प्रखंड के भाला इटहरवा निवासी मो. मोतीबुल की पत्नी सजीला खातून के रूप में हुई है। मृतक बच्चे की पहचान मो. मोतीबुल के एक वर्षीय पुत्र मो. रियान के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर रहिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइक को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि दोनों बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
