मंच पर डांस, पीछे कुछ और खेल! मधुबनी में ऑर्केस्ट्रा ठिकानों से 18 साल से कम उम्र की 50 लड़कियां मुक्त
मधुबनी में ऑर्केस्ट्रा ठिकानों पर छापेमारी कर मानवाधिकार आयोग, चाइल्डलाइन और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग 50 नाबालिग लड़कियों ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। मंच पर डांस के पीछे छिपे खेल का पर्दाफाश करने के लिए मंगलवार को जिले के कई ऑर्केस्ट्रा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी हुई।
मानवाधिकार आयोग, चाइल्डलाइन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर करीब 50 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। ऑर्केस्ट्रा संचालकों समेत दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई
संयुक्त टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित ऑर्केस्ट्रा ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मुक्त कराई गई लड़कियों और हिरासत में लिए गए लोगों को महिला थाना लाया गया। एक साथ हुई कार्रवाई से ऑर्केस्ट्रा से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
एएसपी कर रहीं पूछताछ, उम्र सत्यापन पर जोर
महिला थाना में एएसपी रश्मि कर सहित अन्य अधिकारी हिरासत में लिए गए लोगों और मुक्त कराई गई लड़कियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस नाबालिगों की उम्र के सत्यापन के साथ यह भी पता लगा रही है कि वे ऑर्केस्ट्रा से कैसे जुड़ीं और संचालकों की इसमें क्या भूमिका रही।
दूसरे राज्यों से लाए जाने की भी जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में कई लड़कियों के दूसरे राज्यों से लाए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
