विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में पीएम आवास की सूची में बड़ा खेल, पहले जुड़ा नाम, नई सूची में हुआ गायब

Published: Sun, 27 Sep 2026 05:56 PM (IST)

मधुबनी के बासोपट्टी में प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूची से सैकड़ों पात्र ग्रामीणों के नाम गायब होने पर आक्रोश ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, बासोपट्टी (मधुबनी)। सर्वे हुआ, पात्रता की जांच हुई और नाम योजना में शामिल होने की जानकारी भी दी गई, लेकिन जब प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूची सामने आई तो सैकड़ों ग्रामीणों के नाम ही गायब मिले।

पक्के मकान की उम्मीद लगाए बैठे लाभुकों को जब आमसभा में सूची की जानकारी मिली तो उनके बीच आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पात्र लोगों के नाम दोबारा जोड़ने की मांग की है।

पहले नाम जुड़ा, अब सूची से गायब

ग्रामीणों का कहना है कि सर्वे के बाद पात्रता की जांच की गई थी। इसके आधार पर कई लोगों को बताया गया था कि उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल कर लिया गया है। इसके बाद लाभुक योजना के तहत मिलने वाली सहायता की उम्मीद लगाए बैठे थे। नई सूची में नाम नहीं मिलने पर वे हैरान रह गए।

आमसभा में सामने आया मामला

प्रखंड में आमसभा के दौरान नई सूची सार्वजनिक होने के बाद बड़ी संख्या में ऐसे लाभुकों के नाम सामने आए, जिन्हें सूची से बाहर कर दिया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि वे योजना के लिए पात्र थे और उनका नाम पहले सूची में जोड़ा गया था तो बाद में उसे हटाने का कारण भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।

एआई से सूची तैयार होने का दावा

आवास पर्यवेक्षक ने बताया कि सूची का संधारण एआई के माध्यम से किया गया है। तकनीकी प्रक्रिया के दौरान कई पात्र लाभुकों के नाम छूट गए हैं। इससे ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि तकनीकी प्रक्रिया के कारण पात्र परिवारों को योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

आमसभा से फिर सूचीबद्ध होंगे नाम

प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों से जिन पात्र लाभुकों के नाम छूटे हैं, उन्हें आमसभा के माध्यम से सूचीबद्ध किया जाएगा। इसके बाद नामों को आगे भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरी प्रक्रिया की जांच कराने और पात्र लोगों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की है।