मधुबनी में सड़क हादसे में विकास मित्र की मौत, ट्रक के बोनट में फंसकर 20 मीटर तक घिसटते रहे
मधुबनी के पंडौल में एनएच-27 पर ट्रक और बाइक की भीषण टक्कर में विकास मित्र राम किशुन राम की मौत ...और पढ़ें

ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-27 को जाम कर दिया।
HighLights
पंडौल में एनएच-27 पर ट्रक-बाइक की टक्कर।
विकास मित्र राम किशुन राम की मौके पर मौत।
आक्रोशित लोगों ने एनएच-27 को जाम किया।
संवाद सहयोगी, पंडौल (मधुबनी)। Madhubani Road Accident: मधुबनी के पंडौल थाना क्षेत्र में सरिसब पाही पूर्वी पंचायत के पलाक मुसहरी कट के पास शुक्रवार को एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसा हो गया।
ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार विकास मित्र राम किशुन राम की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे युवक महावीर ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक दरभंगा जिले के मनिगाछी थाना क्षेत्र के टटुआर पंचायत के जगरनाथपुर निवासी रामचरितर राम के 38 वर्षीय पुत्र थे।
ट्रक के बोनट में फंसे
राम किशुन राम टटुआर पंचायत में विकास मित्र के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार वह अपाचे बाइक से महावीर ठाकुर के साथ सरिसब पाही की ओर जा रहे थे।
पलाक मुसहरी कट के पास एनएच पार करने के दौरान दरभंगा से झंझारपुर की ओर जा रहे हरियाणा नंबर के 18 चक्का ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राम किशुन बाइक समेत ट्रक के बोनट में फंस गए। ट्रक चालक उन्हें करीब 15 से 20 मीटर तक घसीटता ले गया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
चालक खलासी दुकान में छिपे
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से भागकर पास की एक दुकान में छिप गए। घटना की सूचना मिलने पर टटुआर से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने शव को ट्रक के सामने रखकर एनएच-27 जाम कर दिया।
एनएच-27 पर मरम्मत कार्य के कारण पहले से वन-वे व्यवस्था होने के कारण पलाक मुसहरी कट के पास स्थिति और जटिल हो गई। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा।
अधिकारियों ने संभाली स्थिति
सूचना पर झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष माया कुमारी और पंडौल थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
