मधुबनी में पहले दोस्ती, फिर जमीन का सौदा और 17 लाख की ठगी, पंडौल में आरोपित गिरफ्तार
मधुबनी में जमीन दिलाने के नाम पर हाजीपुर के एक डॉक्टर से 17 लाख रुपये से अधिक की ठगी हुई ...और पढ़ें

पंडौल में आरोपित को किया गिरफ्तार।
HighLights
हाजीपुर के डॉक्टर से जमीन दिलाने के नाम पर ठगी।
आरोपी सुनील कुमार ठाकुर ने 17 लाख रुपये से अधिक ठगे।
पंडौल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, मधुबनी । औद्योगिक क्षेत्र सकरी के समीप जमीन दिलाने के नाम पर हाजीपुर वैशाली के एक डाक्टर से 17 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है।
आरोप है कि पंडौल थाना के ब्रह्मोत्तरा निवासी सुनील कुमार ठाकुर ने दोस्ती का फायदा उठाकर डाक्टर को जमीन दिलाने का भरोसा दिया और अलग-अलग किश्तों में 17 लाख रुपये ले लिए।
रकम लेने के बाद जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गई। रुपये वापस मांगने पर सुनील ने अलग-अलग रकम के चेक दिए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए। पीड़ित ने भू-विक्रय अनुबंध में फर्जीवाड़ा करने और रुपये मांगने पर गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
पंडौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपित सुनील कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। डाक्टर सौरभ दास ने पुलिस को बताया कि उनकी पंडौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मोत्तरा निवासी रामचन्द्र झा से पुरानी दोस्ती थी। इसी दोस्ती के कारण उन्होंने जमीन खरीदने की इच्छा रामचन्द्र को बताई।
रामचन्द्र ने बताया कि सुनील कुमार ठाकुर की चचेरी बहन के नाम 7.5 कट्ठा जमीन है, जिसे बेचा जाना है। 8 सितंबर 2023 को सौरभ ने सुनील के घर जाकर जमीन का सौदा 30 लाख रुपये में तय किया।
सुनील ने कहा कि रजिस्ट्री मनोजा देवी करेंगी, जबकि रुपये का लेन-देन वह स्वयं करेगा। डाक्टर ने अलग-अलग तारीखों में गूगल पे और नकद के माध्यम से सुनील को 6,25,001 रुपये दिए। इसके अलावा रामचन्द्र झा ने अपने बैंक खाते से 7.50 लाख रुपये स्थानांतरित किए। इस तरह कुल 17,00,001 रुपये सुनील को दिए गए।
रकम मिलने के बाद भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई। सुनील ने बाद में कहा कि जमीन में विवाद है और रजिस्ट्री नहीं हो सकती। डाक्टर ने रुपये लौटाने के नाम पर सुनील से 15 जनवरी 2026 को 1.80 लाख रुपये और 20 जनवरी 2026 को 3.80 लाख रुपये के चेक लिए, जो बाउंस हो गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि अनुबंध में मनोजा देवी की जगह किसी दूसरी महिला को खड़ा किया गया। 21 जुलाई 2026 को रुपये मांगने पर सुनील और उसके परिवार ने गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की।
डाक्टर ने पुलिस को सभी साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है। पंडौल थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
