विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीएम साहब बांटेंगे भूमिहीनों को पर्चा... सुनते ही मधुबनी समाहरणालय पहुंचीं 400 महिलाएं, प्रशासन ने दर्ज कराई FIR

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:57 PM (IST)

मधुबनी में भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा मिलने की अफवाह पर 300-400 महिलाएं समाहरणालय पहुंच गईं, जिससे अफरातफरी मच गई। ...और पढ़ें

समाहरणालय परिसर में पहुंची भीड़ को शांत करते हुए उनका आवेदन लेते पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी। जागरण

समाहरणालय परिसर में पहुंची भीड़ को शांत करते हुए उनका आवेदन लेते पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी। जागरण

HighLights

  1. भूमिहीन महिलाओं को पर्चा मिलने की अफवाह पर भीड़।

  2. मधुबनी समाहरणालय में 300-400 महिलाएं हुईं एकत्रित।

  3. भ्रामक सूचना फैलाने पर सात नामजद के खिलाफ FIR।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा मिलने की उम्मीद में शुक्रवार को मधुबनी समाहरणालय पहुंची 300 से 400 महिलाओं की भीड़ ने प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी।

महिलाओं को भ्रामक सूचना दी गई थी कि जिलाधिकारी समाहरणालय में वासगीत और बंदोबस्त पर्चा वितरित करेंगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं परिसर में जुट गईं।

इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई और प्रशासनिक कामकाज के साथ यातायात व विधि-व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए नगर थाने में सात नामजद समेत अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सात लोगों को किया नामजद

प्राथमिकी में बाबूबरही के चिंटू कुमार, झंझारपुर के मोहन कुमार, खुरौना के मो. एजाज, बेनीपट्टी के सेतु कुमार, बासोपट्टी के छेदू साफी, पंडौल के मिथिलेश और हरलाखी के राकेश कुमार को नामजद किया गया है। इन पर भ्रामक सूचना फैलाकर महिलाओं को समाहरणालय बुलाने का आरोप है।

अलग-अलग गांवों से पहुंचीं महिलाएं

जानकारी के अनुसार विभिन्न गांवों में यह सूचना फैलाई गई कि जिलाधिकारी भूमिहीन परिवारों को वासगीत व बंदोबस्त पर्चा देंगे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं समाहरणालय पहुंच गईं। अचानक भीड़ बढ़ने से प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति संभालनी पड़ी।

अंचल कार्यालय में होता है आवेदन

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान बसेरा के तहत वासगीत पर्चा के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में जमा किया जाता है। आवेदन की जांच के बाद पात्र लाभुकों को अंचल स्तर से ही पर्चा उपलब्ध कराया जाता है। समाहरणालय में इस तरह पर्चा वितरण की कोई प्रक्रिया निर्धारित नहीं है।

डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सरकारी योजनाओं से संबंधित किसी भी सूचना की पुष्टि संबंधित अंचल कार्यालय या प्रशासनिक अधिकारियों से करने के बाद ही विश्वास करें।