मधुबनी में आयोजित दो दिवसीय दंगल में लौकही के कृष्णदेव ने राजस्थान के पहलवान को चटाई धूल
मधुबनी के खजौली में आयोजित दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का समापन हो गया है। इसमें लौकही के कृष्णदेव पहलवान ने ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, खजौली (मधुबनी)। Madhubani Khajouli Dangal: श्री श्री 108 वैष्णवी दुर्गा पूजा समिति बेहटा मैना के सौजन्य से दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय रोमांचक दंगल प्रतियोगिता का समापन हो गया है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में लौकही के कृष्णदेव पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान के बेचन पहलवान को धूल चटाई और विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता पहलवान को 2100 रुपये नकद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में बक्सर की रिया ने मारी बाजी
पुरुषों के साथ-साथ महिला वर्ग के मुकाबलों में भी महिला पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिला वर्ग के कड़े मुकाबले में बक्सर की रिया पहलवान ने कानपुर की मधु पहलवान को पराजित कर विजेता का खिताब जीता।
इस दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पड़ोसी देश नेपाल से आए दो दर्जन से अधिक पुरुष और आधे दर्जन महिला पहलवानों ने अपने अजब-गजब दांव-पेंच और कुश्ती के हुनर दिखाए।
दर्शकों की उमड़ी भारी भीड़
सुदूर ग्रामीण परिवेश में राष्ट्रीय स्तर के नामी-गिरामी पहलवानों के करतब देखने के लिए आसपास के इलाकों से दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। अखाड़े के चारों ओर मौजूद दर्शक लगातार ताली बजाकर और जयकारे लगाकर पहलवानों की हौसलाअफजाई कर रहे थे।
इन पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना
दंगल के दौरान दर्शकों ने कई कड़े मुकाबलों का आनंद लिया। विशेष रूप से अयोध्या के अणु पहलवान, बक्सर के पवन पहलवान, नेपाल के रवि थापा, मथुरा के श्याम पहलवान और हरियाणा के अंकुश पहलवान के आक्रामक और तकनीकी दांव-पेंच को दर्शकों ने काफी सराहा और उनके खेल की जमकर प्रशंसा की।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ युवा नेता कुन्दन कुमार सिंह और विश्वजीत आनंद उर्फ मिक्कू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष सह जिला पार्षद दीपक कुमार सिंह, प्रमुख कुमारी उषा, विजय कुमार सिंह, सीताराम सिंह, राम प्रसाद सिंह, वीरेन्द्र साह, लक्ष्मण यादव, विनोद यादव और योगेंद्र यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
