Madhubani News : दोस्तों ने काट दिया सिर, कसूर इतना कि पुलिस को बता दिया था शराब का धंधा करते हैं
पुलिस ने मधुबनी के खजौली में मिली सिर कटी लाश के मामले का खुलासा कर दिया है। ललन कुमार की ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी।
HighLights
खजौली में मिली सिर कटी लाश का पुलिस ने किया खुलासा।
मृतक ललन कुमार ने पुलिस को साथियों के नाम बताए थे।
दो आरोपी आलोक और विकास कुमार सिंह गिरफ्तार किए गए।
संवाद सहयोगी, खजौली (मधुबनी)। थाना क्षेत्र के कुसमार गांव के वार्ड 12 स्थित बिसमोहा कोसी नहर के पास सुनसान जगह से दो सितंबर को बरामद सिर कटी लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने घटना में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद लाश लौकहा थाना क्षेत्र के बघमरिया निवासी कारी सदाय के पुत्र ललन कुमार की थी। ललन कुछ युवकों के साथ मिलकर बाइक चोरी और शराब का धंधा करता था। पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर साथियों के नाम उजागर करने के कारण ही उसकी हत्या कर दी गई।
एसडीपीओ सदर-2 कामिनी कौशल ने बताया कि खुटौना थाना क्षेत्र के खुटौना बाजार निवासी आलोक कुमार और उसी थाना के सिहुला निवासी विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
उन्होंने बताया कि ललन का कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल होने पर लौकहा थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपने धंधे और साथियों के नामों का खुलासा कर दिया था। इसके बाद पुलिस उसके साथियों के घर छापेमारी करने लगी। इससे परेशान होकर साथियों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत एक सितंबर को खुटौना निवासी कन्हैया कुमार, नरेश कुमार कामत और जयनगर निवासी विवेक सहनी ने धुनीगाछी में गांजा पिया और पार्टी के बहाने ललन को बुलाया। सभी ने मिलकर शराब और गांजा पिया।
नशे में बेसुध होने पर उसे डंडे से मारकर बेहोश कर दिया और बाइक पर बैठाकर नहर किनारे सुनसान जगह ले गए। वहां सिर में गोली मार दी और चाकू से सिर काटकर नरेश कुमार और विवेक सहनी ने कहीं छिपा दिया, जो अब तक नहीं मिला है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद ही सिर का पता चलेगा।
एसडीपीओ ने बताया कि फरार तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष सपन कुमार ने बताया कि जेल भेजे गए दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है और खुटौना थाने में दोनों के विरुद्ध पहले से एक-एक मामला दर्ज है।
